बारात ले जा रही बस पलटी, 7 लोगों की मौत और 80 अन्य घायल, सवार थे 90 लोग

By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: January 18, 2026 22:05 IST2026-01-18T18:12:56+5:302026-01-18T22:05:15+5:30

लातेहारः पुलिस अधीक्षक (एसपी) कुमार गौरव ने बताया कि छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से बारात लेकर बस लातेहार के महुदनार आ रही थी।

Latehar Bus carrying wedding procession overturns 7 people dead 80 injured 90 people on board | बारात ले जा रही बस पलटी, 7 लोगों की मौत और 80 अन्य घायल, सवार थे 90 लोग

सांकेतिक फोटो

Highlightsपुलिस ने बताया कि यह हादसा महुदनार पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत ओरसा घाटी में हुआ।गौरव ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है।

लातेहारः झारखंड के लातेहार जिले में रविवार को बारात ले जा रही एक बस के पलट जाने से उसमें सवार कम से कम सात लोगों की मौत हो गई और 80 घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह हादसा महुआडांड़ पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत ओरसा बंगलाधारा घाटी में हुआ। पुलिस अधीक्षक (एसपी) कुमार गौरव ने बताया, ‘‘छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से बारात लेकर बस लातेहार के महुआडांड़ आ रही थी। बस पलट गई, जिससे चार महिलाओं सहित पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों को अस्पताल ले जाया गया है।’’

एक अन्य अधिकारी ने बताया कि अस्पताल में इलाज के दौरान दो लोगों की मौत हो गई। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लातेहार के उपायुक्त को घायलों को उचित चिकित्सा सुविधाएं प्रदान करने का निर्देश दिया।

अनुमंडल अधिकारी (एसडीएम) विपिन कुमार दुबे ने बताया कि 60 घायलों को महुआडांड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में और 20 से अधिक को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया, ‘‘गंभीर हालत वाले बत्तीस लोगों को बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान अस्पताल (रिम्स) भेजा जा रहा है।’’

दुबे ने बताया कि मृतकों की पहचान रेशांति देवी (35), प्रेमा देवी (37), सीता देवी (45), सोनमती देवी (55), सुखना भुइयां (40) और विजय भुइयां के रूप में की गई। उन्होंने बताया कि लातेहार अस्पताल में जिस महिला की मौत हो गई, उसकी पहचान की जा रही है।

बस चालक विकास पाठक ने बताया कि बस में करीब 90 यात्री सवार थे। उसने संवाददाताओं से कहा, ‘‘बस के ब्रेक फेल हो गए थे। हैंडब्रेक का इस्तेमाल करके और इंजन बंद करके गाड़ी रोकने की कोशिश करने के बावजूद, मैं उस पर नियंत्रण नहीं पा सका और अंततः बस पलट गई।’’

पीलीभीत में ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो चचेरे भाईयों की मौत

पीलीभीत जिले के बरखेड़ा थाना क्षेत्र में बीसलपुर मार्ग पर एक ट्रक की चपेट में आकर मोटरसाइकिल सवार दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। थाना बरखेड़ा पुलिस के अनुसार, दुर्घटना क्षेत्र के बीसलपुर मार्ग पर ग्राम पतरसिया पेट्रोल पंप के समीप शनिवार रात हुई।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पीलीभीत से बरखेड़ा जा रहे बाइक सवार विकास (19) और शिवम (22) को सामने से आ रहे लकड़ी से भरे ट्रक ने टक्कर मार दी और ट्रक इन दोनों को लगभग 20 मीटर तक घसीटता ले गया। विकास के पिता हरीशंकर भाजपा के टिकरी के मंडल अध्यक्ष हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, ट्रक चालक को ग्रामीणों ने पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया।

इस दौरान ग्रामीणों ने जमकर हंगामा भी किया। हंगामे की सूचना पर पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) प्रगति चौहान भी पहुंचीं। उन्होंने कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया और लगभग डेढ़ घंटे तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने ग्रामीणों को शांत किया।

थाना प्रभारी प्रमेंद्र कुमार ने रविवार को बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि सड़क पर अनियंत्रित गति से चलने वाले वाहनों के विरुद्ध कड़े कदम उठाए जाएंगे। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

Web Title: Latehar Bus carrying wedding procession overturns 7 people dead 80 injured 90 people on board

क्राइम अलर्ट से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे