Khagaria News: नाबालिग लड़की को पेड़ से बांध पीटा, ग्रामीणों की बर्बरता के पीछे वजह जान हैरान हो जाएंगे आप
By एस पी सिन्हा | Updated: April 24, 2026 18:28 IST2026-04-24T18:28:34+5:302026-04-24T18:28:40+5:30
Khagaria News: थानाध्यक्ष ने आश्वासन दिया है कि किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।

Khagaria News: नाबालिग लड़की को पेड़ से बांध पीटा, ग्रामीणों की बर्बरता के पीछे वजह जान हैरान हो जाएंगे आप
Khagaria News: बिहार में खगडिया जिले के चौथम थाना क्षेत्र से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां एक 16 वर्षीय नाबालिग दलित लड़की को पेड़ से बांधकर बेरहमी से पीटा गया। इस बर्बरता का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल कायम हो गया है। बताया जा रहा है कि गांव के कुछ असामाजिक तत्वों ने किशोरी पर 'मूरकट्टा' (बाल काटने वाला) होने का झूठा आरोप लगाया और उसे पकड़ लिया। इसके बाद भीड़ ने कानून हाथ में लेते हुए उसे रस्सी से पेड़ में जकड़ दिया और लाठी-डंडों से उसकी पिटाई की।
आरोप है कि जब लड़की बेदम हो गई, तो आरोपी उसे अधमरी हालत में पास के एक मकई के खेत में फेंक कर फरार हो गए। मानसी थाना क्षेत्र के निवासी पीड़िता के पिता ने बताया कि उनकी बेटी 20 अप्रैल को अपने मौसा के घर गई हुई थी। इसी दौरान इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने 22 अप्रैल को चौथम थाना पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई और लिखित शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित परिवार अब आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग कर रहा है।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए चौथम थाना में कांड संख्या 135/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने पुष्टि की है कि इस मामले में आधा दर्जन नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस की विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं और दोषियों की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। थानाध्यक्ष ने आश्वासन दिया है कि किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।
हालांकि, घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो ने लोगों के गुस्से को और भड़का दिया है, जिसमें किशोरी की बेबसी और हमलावरों की क्रूरता साफ देखी जा सकती है। नागरिक समाज और मानवाधिकार संगठनों ने भी खगड़िया प्रशासन से मामले की त्वरित जांच कर दोषियों को जेल भेजने की मांग की है।