जालंधरः कानपुर गांव में तीन बहनें अपने घर में एक संदूक के अंदर मृत पाई गईं, माता-पिता काम से लौटकर, जब तलाश की तो नहीं मिली, इसके बाद जो हुआ...
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: October 2, 2023 03:02 PM2023-10-02T15:02:43+5:302023-10-02T15:03:23+5:30
पंजाबः मकसूदन थाने में रविवार रात को तीन लड़कियों के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। लड़कियों के माता पिता ने काम से लौटकर जब उनकी तलाश की तो उन्हें वे घर में नहीं मिली थीं।
जालंधरः पंजाब में जालंधर जिले के कानपुर गांव में तीन बहनें अपने घर में एक संदूक के अंदर मृत पाई गईं। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि मकसूदन थाने में रविवार रात को तीन लड़कियों के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। लड़कियों के माता पिता ने काम से लौटकर जब उनकी तलाश की तो उन्हें वे घर में नहीं मिली थीं।
पुलिस ने बताया कि प्रवासी मजदूर के परिवार में पांच बच्चे थे। उन्होंने बताया कि बहनों की पहचान कंचन (चार), शक्ति (सात) और अमृता (नौ) के रूप में हुई। अधिकारी ने बताया कि मृत्यु के कारण का पता लगाने के लिए तीनों शवों को पोस्टमार्टम के वास्ते भेज दिया गया। पुलिस ने कहा कि मामला तब प्रकाश में आया जब लड़कियों का पिता सोमवार को घर का सामान हटा रहा था।
तभी उसे संदूक असामान्य रूप से ज्यादा भारी लगा। पुलिस ने बताया कि जब उसने संदूक खोला तो उसके अंदर उसने तीनों बेटियों को पाया। पुलिस के अनुसार लड़कियों के पिता को हाल में उसकी शराब पीने की आदत के कारण मकान मालिक ने घर खाली करने के लिए कहा था मामले में जांच शुरू कर दी गई है।