Indore News: सनकी आशिक की करतूत, प्रेमिका के घर घुसकर भाई की हत्या, पीड़िता की मां घायल
By मुकेश मिश्रा | Updated: January 27, 2026 11:36 IST2026-01-27T11:36:41+5:302026-01-27T11:36:47+5:30
Indore News: घर में घुसते ही उसने पहले परिजनों को जान से मारने की धमकी दी और फिर विधि, उसके भाई वेदांश और मां अनीता पर चाकू से लगातार वार कर दिए।

Indore News: सनकी आशिक की करतूत, प्रेमिका के घर घुसकर भाई की हत्या, पीड़िता की मां घायल
Indore News: मध्य प्रदेश इंदौर के एरोड्रम थाना क्षेत्र के सुखदेव नगर में सोमवार रात सनकी आशिक ने प्रेमिका के घर में घुसकर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया, जिसमें युवती के भाई की मौत हो गई, जबकि युवती और उसकी मां गंभीर रूप से घायल हैं।आरोपी युवक ने वारदात के बाद खुद को भी चाकू मारकर घायल कर लिया।पुलिस के अनुसार आरोपी का नाम वेदांत सोलंकी (लगभग 22 वर्ष) है, जो बिजासन रोड का रहने वाला है। जिस युवती के घर यह खून-खराबा हुआ, उसका नाम विधि लखावत (करीब 20 वर्ष) है।
हमले में जान गंवाने वाले युवक की पहचान विधि के भाई वेदांश लखावत (लगभग 18 वर्ष) के रूप में हुई है।हमले में विधि की मां अनीता लखावत (उम्र लगभग 40 वर्ष) भी घायल हुई हैं। चारों को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां वेदांश ने अरबिंदो अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
टीआई तरुण भाटी के मुताबिक, वेदांत और विधि के बीच पहले दोस्ती थी, लेकिन पिछले कुछ दिनों से दोनों के बीच विवाद और दूरी चल रही थी। इसी रंजिश और कथित एकतरफा प्रेम के चलते वेदांत सोमवार रात करीब 10 बजे 60 फीट रोड स्थित विधि के घर पहुंचा। घर में घुसते ही उसने पहले परिजनों को जान से मारने की धमकी दी और फिर विधि, उसके भाई वेदांश और मां अनीता पर चाकू से लगातार वार कर दिए।
पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई है कि घटना से 5–6 दिन पहले ही पीड़ित परिवार ने वेदांत की शिकायत थाने में की थी, लेकिन उस समय उसे समझाइश देकर छोड़ दिया गया था। परिजनों का आरोप है कि अगर तभी सख्त कार्रवाई होती तो यह वारदात टल सकती थी। पुलिस ने हत्या, हत्या के प्रयास और धमकी की धाराओं में केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।