कथित रेप के बाद 3 गोली छाती और 1 प्राइवेट पार्ट में मारी, सुरजेवाला ने साझा की खबर, कहा- पढ़ने से शरीर के रोंगटे खड़े हो जाते हैं
By रोहित कुमार पोरवाल | Published: December 14, 2019 02:10 PM2019-12-14T14:10:15+5:302019-12-14T15:08:10+5:30
कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने इस खबर का लिंक शेयर करते हुए ट्वीट में लिखा, ''‘निर्भया’, ‘कठुआ’, ‘उन्नाव’ व ‘हैदराबाद’ के बाद उससे भी दिल दहलाने वाली दरिंदगी रेवाड़ी, हरियाणा में। पढ़ने से शरीर के रोंगटे खड़े हो जाते हैं, इंसानियत कितनी और गिरेगी, हैवानियत की हद क्या है? क्या सुनेगा कोई?''
कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने अपने आधिकारिक हैंडल से दिल दहला देने वाली एक खबर का लिंक ट्वीट किया है। खबर के मुताबिक, मूलरूप से राजस्थान की रहने वाली एक 22 वर्षीय युवती के साथ कथित तौर पर बालात्कार किए जाने के बाद उसकी छाती और प्राइवेट पार्ट में गोली मारी गई। खबर के मुताबिक, युवती की छाती में तीन गोलियां और प्राइवेट पार्ट में एक गोली मारी गई। खबर में कहा गया है कि ऐसा इसलिए किया गया ताकि रेप की बात छुपाई जा सके।
कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने इस खबर का लिंक शेयर करते हुए ट्वीट में लिखा, ''‘निर्भया’, ‘कठुआ’, ‘उन्नाव’ व ‘हैदराबाद’ के बाद उससे भी दिल दहलाने वाली दरिंदगी रेवाड़ी, हरियाणा में। पढ़ने से शरीर के रोंगटे खड़े हो जाते हैं, इंसानियत कितनी और गिरेगी, हैवानियत की हद क्या है? क्या सुनेगा कोई?''
खबर के मुताबिक, पीड़िता दिल्ली के रोहिणी स्थित अपने एक रिश्तेदार के यहां रह रही थी। वह इलाज कराने के लिए अपने पिता के साथ वहां रुकी थी। उसका अवसाद का इलाज चल रहा था। पीड़िता अपने पिता की इकलौती संतान थी। बीते शनिवार की सुबह युवती घर के पास से लापता हो गई थी। पिता ने उसके लापता होने की शिकायत पुलिस में कराई थी।
धारूहेड़ा के नंदरामपुर बास रोड स्थित रामनगर के पास युवती का शव खून से लथपथ मिला था। रेवाड़ी जाकर पिता ने युवती की अपनी बेटी के रूप में शिनाख्त की।
पुलिस को संदेह है कि लड़की को अगवा कर रेप के बाद उसकी हत्या कर दी गई। फिलहाल युवती के शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। हालांकि, पोस्टमार्टम के दौरान पीड़िता के शरीर से तीन गोलियां निकाले जाने की बात सामने आ रही है। रेप की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगी।