Delhi Crime: राष्ट्रीय राजधानी में अपराधियों के हौसल इतने बुलंद है कि उन्हें कानून और पुलिस का डर नहीं रहा। यह कथन प्रीत विहार में हुए मर्डर की घटना पर एक दम सही जान पड़ता है क्योंकि एक मामूली विवाद में शख्स ने व्यक्ति की हत्या कर दी और अब भी पुलिस के गिरफ्त से बाहर है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार तड़के दिल्ली के प्रीत विहार में पार्किंग को लेकर हुए विवाद के बाद 34 साल के एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पार्किंग को लेकर पीड़ित पंकज नैयर, उनके भाई पारस और गौरव शर्मा के बीच तीखी बहस हुई। अधिकारियों ने बताया कि बहस के दौरान, गौरव शर्मा ने कथित तौर पर गोली चला दी और पंकज नैयर के सीने में गोली मार दी। यह झड़प सुबह करीब 2.20 बजे हुई।
गोलीबारी के बाद, नैयर को पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया; हालाँकि, डॉक्टरों ने उन्हें 'मृत घोषित' कर दिया। पुलिस ने बताया कि गौरव शर्मा के खिलाफ हत्या (BNS धारा 103(1)), जानबूझकर चोट पहुँचाने (धारा 115(2)), और सामान्य इरादे से किए गए कार्यों (धारा 3(5)) के आरोपों के तहत, साथ ही शस्त्र अधिनियम की धारा 25 और 27 के तहत FIR दर्ज की गई है।
इस बीच, प्रीत विहार पुलिस ने पंकज के शव को अपनी हिरासत में ले लिया है और उसे पोस्टमार्टम के लिए पास के लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल भेज दिया है। इसके अलावा, पुलिस ने बताया कि आरोपी का पता लगाने और उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के लिए कई टीमें गठित की गई हैं।