सीवान में सनकी पति ने घर में सो रही पत्नी और दो बेटियों को कुल्हाड़ी से काटा, महिला की मौत, बेटियां गंभीर
By एस पी सिन्हा | Published: February 16, 2021 06:45 PM2021-02-16T18:45:44+5:302021-02-16T18:46:59+5:30
बिहार के सीवान जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के टंडवा गांव गंभीर हादसा हो गया। युवक ने पत्नी और बेटियों पर हमला कर दिया।
पटनाः बिहार के सीवान जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के टंडवा गांव से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जिसमें एक सनकी पति ने अपनी पत्नी समेत दो बेटियों को कुल्हाड़ी से काट डाला।
इस घटना में जहां पत्नी रीता देवी की मौत हो गई, वहीं उसकी दोनों बेटियां निक्की कुमारी और सोनी कुमारी गंभीर रूप से घायल हैं। घटना सोमवार की रात की है। आरोपित श्रीकांत यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव में एक निर्दयी पति ने अपनी पत्नी सहित दो बच्चियों को कुल्हाड़ी से तब काट डाला, जब सभी सोए हुए थे।
घटना के बाद चीख-पुकार मचने के बाद आसपास के लोगों की इसकी जानकारी हुई। आनन-फानन में सभी को स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां रीता देवी को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया, जबकि घायलों में 16 वर्षीय बेटी निक्की और 18 वर्षीय सोनी कुमारी शामिल हैं।
दोनों का इलाज किया जा रहा है। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर पति फरार हो गया। हालांकि थोड़ी देर बाद ही पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पति से पत्नी और बच्चों पर जानलेवा हमला करने के कारणों का पता लगाने में जुटी है और आरोपी से पुलिस पूछताछ की जा रही है।