10 अपराधियों पर 25000-25000 रुपये इनाम?, आईजी जितेन्द्र राणा ने कहा-एक के बाद एक कार्रवाई जारी, पूरी कुंडली तैयार, हत्या, लूट, डकैती केस
By एस पी सिन्हा | Updated: January 21, 2026 15:58 IST2026-01-21T15:57:14+5:302026-01-21T15:58:12+5:30
इनाम घोषित होने के बाद अब स्थानीय थाना पुलिस के साथ-साथ एसटीएफ और विशेष टीमें भी इनकी गिरफ्तारी में जुट गई हैं।

file photo
पटनाः बिहार पुलिस एक्शन मोड में है और कुख्यात अपराधियों पर एक के बाद एक कार्रवाई जारी है। इसी बीच पटना जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सक्रिय अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा के अनुरोध पर रेंज आईजी जितेंद्र राणा ने 10 अपराधियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। इन सभी के खिलाफ अलग-अलग थानों में कई मामले दर्ज हैं और ये अन्य गंभीर कांडों में भी वांछित बताए जा रहे हैं। इनमें से कुछ अपराधियों का लंबा आपराधिक इतिहास भी रहा है। पुलिस के अनुसार, इन अपराधियों की तलाश हत्या के प्रयास, हत्या, लूट, डकैती सहित अन्य संगीन मामलों में की जा रही है। इनाम घोषित होने के बाद अब स्थानीय थाना पुलिस के साथ-साथ एसटीएफ और विशेष टीमें भी इनकी गिरफ्तारी में जुट गई हैं।
पुलिस ने सभी अपराधियों की पूरी कुंडली तैयार कर ली है और उनकी लोकेशन व गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। अधिकांश अपराधी मोकामा, बाढ़, खुसरूपुर और फतुहा थाना क्षेत्रों में वांछित हैं। इसी क्रम में रेंज आईजी जितेंद्र राणा ने राजगीर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय में नालंदा, एसडीपीओ राजगीर और विभिन्न थानाध्यक्षों के साथ विधि-व्यवस्था की समीक्षा बैठक की।
असंतोष जताते हुए उन्होंने फरवरी के अंत तक लंबित मामलों में उल्लेखनीय कमी लाने का लक्ष्य तय किया। आईजी ने सभी थानाध्यक्षों और अंचल निरीक्षकों को पांच-पांच मामलों के त्वरित विचारण की निगरानी करने, गंभीर कांडों में वांछित अभियुक्तों की 31 जनवरी तक गिरफ्तारी व कुर्की सुनिश्चित करने, अवैध शराब नष्ट करने और कतरीसराय साइबर मामलों की विशेष समीक्षा करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही बीएनएसएस की धारा 107 के तहत कार्रवाई, टॉप-10 इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी, जेल से छूटे अपराधियों पर निगरानी, बैंक और ज्वेलरी शॉप का सुरक्षा ऑडिट तथा सरस्वती पूजा विसर्जन जुलूस के दौरान सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। असामाजिक तत्वों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई और पंजी अपडेट करने का भी आदेश जारी किया गया है।