बाणगंगा थाना क्षेत्रः गैस सिलेंडर लीक और घर में लगी आग, जिंदा जले 45 वर्षीय अकाउंटेंट रमेश शर्मा
By मुकेश मिश्रा | Updated: January 30, 2026 12:58 IST2026-01-30T12:57:27+5:302026-01-30T12:58:32+5:30
Banganga police station area: रमेश रोज की तरह सुबह चाय बनाने के लिए रसोई में गए थे। आशंका है कि गैस सिलेंडर की नली से लीकेज हो रही थी और जैसे ही चूल्हा जलाया गया, एकाएक आग भड़क उठी।

सांकेतिक फोटो
इंदौरःमध्य प्रदेश के इंदौर में बाणगंगा थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 45 वर्षीय रमेश शर्मा की घर में लगी आग में जिंदा जलने से मौत हो गई। रमेश निजी कंपनी में अकाउंटेंट के रूप में कार्य करते थे और अपने परिवार के साथ उसी मकान में रहते थे। घटना के समय वे घर में अकेले थे, क्योंकि उनकी पत्नी और बच्चे कुछ दिनों के लिए रिश्तेदारों के यहां गए हुए थे।पुलिस के अनुसार, सुबह करीब साढ़े छह बजे मोहल्ले के लोगों ने रमेश के घर से धुआं उठते देखा तो तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही बाणगंगा पुलिस मौके पर पहुंची।
इससे पहले कुछ स्थानीय लोग भी घर तक पहुंचे और आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन घर अंदर से बंद होने के कारण वे भीतर नहीं जा सके। बताया जाता है कि रमेश रोज की तरह सुबह चाय बनाने के लिए रसोई में गए थे। आशंका है कि गैस सिलेंडर की नली से लीकेज हो रही थी और जैसे ही चूल्हा जलाया गया, एकाएक आग भड़क उठी।
रसोई में तेज लपटें और घना धुआं भर जाने से रमेश बाहर नहीं निकल सके और उसी में झुलसकर गिर पड़े। जब पुलिस और फायर ब्रिगेड ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, तो रमेश को गंभीर रूप से झुलसी हालत में पाया गया। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मौके की जांच में रसोई में रखे गैस सिलेंडर के पास जली हुई नली और अन्य सामान मिला है, जिसके आधार पर पुलिस ने प्रारंभिक रूप से आग लगने का कारण गैस लीक माना है। फिलहाल बाणगंगा पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
साथ ही, सिलेंडर और गैस कनेक्शन से जुड़ी तकनीकी जांच के लिए संबंधित एजेंसी और फोरेंसिक टीम को भी सूचित किया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट और परिजनों व पड़ोसियों के बयान के बाद ही हादसे के कारणों का पता चलेगा।