राजस्थान-कर्नाटक में हादसा, पैदल चल रहे लोगों को कुचला, 9 की मौत और कई घायल
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: January 26, 2026 11:49 IST2026-01-26T11:48:52+5:302026-01-26T11:49:58+5:30
सिकाराम (35), जालाराम (34) और महेशाराम (30) की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों को अस्पताल ले जाया गया।

सांकेतिक फोटो
जयपुरः राजस्थान में दो अलग-अलग सड़क हादसों में छह लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। इसके अनुसार, बालोतरा जिले में भारतमाला एक्सप्रेसवे पर मिनी ट्रक ने पहले बोलेरो कैंपर वाहन को टक्कर मारी और फिर पैदल चल रहे लोगों को कुचल दिया। हादसे में तीन तीर्थयात्रियों की मौत हो गई और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस उपाधीक्षक डेरावर सिंह ने बताया कि यह हादसा रविवार रात सिवाना थाने के आसोतरा-मूठली गांव के पास हुआ। उन्होंने बताया कि जालोर जिले के बागोड़ा इलाके के सात तीर्थयात्रियों का समूह जसोल में रानी भटियानी माता मंदिर की पैदल यात्रा पर जा रहा था। हादसे में जालोर जिले के बागोड़ा के रहने वाले सिकाराम (35), जालाराम (34) और महेशाराम (30) की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों को अस्पताल ले जाया गया।
मिनी ट्रक को जब्त कर लिया गया है और उसके ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि एक अन्य घटना में श्रीगंगानगर जिले के सूरतगढ़ कस्बे में एक ट्रेलर ट्रक की चपेट में आने से पिता-पुत्र सहित तीन लोगों की मौत हो गई। यह हादसा रविवार को सदर थाना इलाके के भगवानसर गांव और सरदारगढ़ मोड़ के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग-62 पर हुआ।
पुलिस ने बताया कि दो मोटरसाइकिलें आमने-सामने से टकरा गईं, जिससे सवार सड़क किनारे गिर गए। सामने से आ रहे ट्रेलर ट्रक ने उन्हें बचाने की कोशिश की लेकिन वह एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन लोगों को कुचलते हुए निकल गया।
मृतकों की पहचान सिंधुवाला गांव के रहने वाले आदराम (50), उनके बेटे रामकुमार (32) और 4 केएसआर-श्योपुरा के इमीलाल (48) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि तीनों काम खत्म करके घर लौट रहे थे। पुलिस ने बताया कि दूसरी मोटरसाइकिल के सवार को मामूली चोटें आईं और प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई।
कर्नाटक : तुमकुरु में कार सड़क किनारे खड़ी लॉरी से टकराई, तीन की मौत
तुमकुरु तालुक में सोमवार को एक कार के सड़क किनारे खड़ी एक लॉरी के पिछले हिस्से से टकरा जाने के कारण तीन लोगों की मौत हो गई। इस घटना में तीन लोग घायल भी हुए हैं। पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना नेलाहल गांव में हुई जब कार गोकर्णा, उडुपी और मुरुदेश्वर सहित तटीय स्थलों की यात्रा के बाद बेंगलुरु लौट रही थी।
पुलिस अधिकारी ने कहा, “कार ने लॉरी को पीछे से जोरदार टक्कर मारी। तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।’’ मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के अनिकेत (42) और अभीर (44) तथा आंध्र प्रदेश की संमुख्ती (35) के रूप में हुई है। तीनों बेंगलुरु में रहते थे और एक निजी कंपनी में काम कर रहे थे।
दुर्घटना में कार के अन्य तीन यात्री भी घायल हुए जिनमें से एक की हालत गंभीर है। सभी घायलों को तुरंत तुमकुरु जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए तुमकुरु जिला अस्पताल भेजा गया है।