झारखंडः 14 साल की नाबालिग को जिंदा जलाया, इससे पहले गैंगरेप का भी आरोप
By भारती द्विवेदी | Published: May 4, 2018 07:23 PM2018-05-04T19:23:25+5:302018-05-04T19:23:25+5:30
परिवारों वाले के अनुसार चार लोगों ने लड़की को पहले घर से उठाया, फिर जिला से साठ किलोमीटर दूर ले जाकर उसका रेप किया।
नई दिल्ली, 4 मई: झारखंड के चतरा जिले से एक बेहद ही दर्दनाक घटना सामने आई है। राजा तेंदुआ गांव में चौदह साल की लड़की से रेप के बाद उसे उसके ही घर में जिंदा जला दिया गया है। परिवारों वाले के अनुसार चार लोगों ने लड़की को पहले घर से उठाया, फिर जिला से साठ किलोमीटर दूर ले जाकर उसका रेप किया। उन चारों ने शराब पी रखी थी।
एनडीटीवी की खबर के अनुसार पीड़िता के पिता ने इस घटना का जिक्र स्थानीय और पंचायत के लोगों से किया। जिसके बाद पंचायत ने आरोपियों से सौ बार उठक-बैठक कराया और पचास हजार रूपए जुर्माना भरवाया। पंचायत के फैसले के बाद आरोपी एक बार फिर से लड़की के घर में जबर्दस्ती घुसे और उसके मां-बाप को पीटा। फिर लड़की को आग लगा दिया। वहीं इस घटना को लेकर पुलिस का कहना है कि आरोपियो को पकड़ने की कोशिश जारी है। नाबालिग की लाश को पोस्टमॉर्टम के लिए स्थानीय अस्पताल ले जाया गया है।
इससे पहले असम के नागांव जिले के धनिया भेती लालगंज इलाके में भी एक ऐसी घटना को अंजाम दिया गया था। पांचवीं कक्षा की एक लड़की से पांच लोगों ने मिलकर रेप किया फिर बच्ची पर मिट्टी का तेल डाल उसे आग लगा दी थी।