बुलावायो, 18 जुलाई। दुनिया की कमजोर टीमों में गिनी जाने वाली जिम्बाब्वे ने एक बार फिर अनचाहा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। पाकिस्तान के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में जिम्बाब्वे की टीम 67 रन के कुल स्कोर पर ऑल आउट हो गई और न्यूनतम स्कोर में एक बार फिर अपना नाम दर्ज करा लिया। 68 रनों के लक्ष्य को पाकिस्तान की टीम ने 9.5 ओवर में एक विकेट गंवाकर हासिल कर लिया। पाकिस्तान की ओर से फखर जमां ने 43 और बाबर आजम ने 19 रनों की नाबाद पारी खेली। जबकि इमाम-उल-हक बिना खाता खोले आउट हुए।
फहीम अशरफ की गेंदबाजी के आगे टीम हुई ढेर
तीसरे वनडे मैच में पाकिस्तानी गेंदबाज फहीम अशरफ की घातक गेंदबाजी के सामने जिम्बाब्वे का कोई भी बल्लेबाज टिक नहीं पाया और पूरी टीम 25.1 ओवर में 67 के स्कोर पर पवेलियन लौट गई। फहीम की गेंदबाजी का असर यह रहा कि जिम्बाब्वे के सिर्फ 3 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार कर पाए। फहीम ने 8.1 ओवर में 22 रन देकर 5 विकेट अपने नाम किया।
चामू चिभाभा ने बनाए सबसे ज्यादा 16 रन
जिम्बाब्वे की ओर से सबसे ज्यादा रन चामू चिभाभा ने बनाए। उन्होंने 28 गेंदों में 16 रनों की पारी खेली। इसके अलावा कप्तान हैमिल्टन मसाकाद्जा ने 20 गेंदों में 10 और वेलिंग्टन मसाकाद्जा ने 32 गेंदों में नाबाद 10 रनों की पारी खेली। इसके अलावा कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाया।
वनडे में न्यूनतम स्कोर का रिकॉर्ड जिम्बाब्वे के नाम
यह पहली बार नहीं है जब जिम्बाब्वे की टीम न्यूनतम स्कोर पर ऑल आउट हुई हो। बता दें कि वनडे मैचों में सबसे कम रन पर आउट होने का रिकॉर्ड भी जिम्बाब्वे की टीम के नाम है। हरारे में श्रीलंका के खिलाफ 2004 में खेले गए सीरीज के तीसरे मैच में जिम्बाब्वे की टीम केवल 35 रनों पर ऑलआउट हो गई थी। आज भी वनडे मैच इतिहास का ये सबसे कम स्कोर है। श्रीलंका ने फिर यह मैच 9 विकेट से जीत लिया।
वनडे में सबसे कम स्कोर बनाने वाली 10 टीमें
टीम | स्कोर | खिलाफ |
जिम्बाब्वे | 35 रन | श्रीलंका |
कनाडा | 36 रन | श्रीलंका |
जिम्बाब्वे | 38 रन | श्रीलंका |
श्रीलंका | 43 रन | दक्षिण अफ्रीका |
पाकिस्तान | 43 रन | वेस्टइंडीज |
जिम्बाब्वे | 44 रन | बांग्लादेश |
कनाडा | 45 रन | इंग्लैंड |
नामीबिया | 45 रन | ऑस्ट्रेलिया |
भारत | 54 रन | श्रीलंका |
वेस्टइंडीज | 54 रन | दक्षिण अफ्रीका |