सरफराज खान ने ठोका नाबाद शतक, मुकाबले में मुंबई की वापसी

प्रथम श्रेणी का अपना दूसरा मुकाबला खेल रहे तामोर हालांकि ज्यादा आकर्षक दिखे जिन्होंने अपना पहला अर्धशतक लगाया। उन्होंने 94 गेंद में 51 रन बनाये। स्टंप्स के समय सरफराज के साथ कप्तान आदित्य तारे (नौ रन) क्रीज पर मौजूद थे।

By भाषा | Published: January 21, 2020 6:40 PM

Open in App

युवा बल्लेबाज सरफराज खान की नाबाद शतकीय पारी से मुंबई ने रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप बी मैच के तीसरे दिन उत्तर प्रदेश के खिलाफ पांच विकेट पर 353 रन बना लिये। उत्तर प्रदेश ने अपनी पहली पारी उपेन्द्र यादव (नाबाद 203) के दोहरे शतक की मदद से आठ विकेट पर 625 रन बनाकर घोषित की थी। इस तरह से मुंबई की टीम पहली पारी के आधार पर अब भी 272 रन पीछे है, जबकि उसके पांच विकेट बचे है।

मुंबई ने दिन की शुरुआत दो विकेट पर 20 रन से की लेकिन ‘संकट मोचक’ सिद्देश लाड (174 गेंद में 98 रन) और 22 साल के सरफराज (160 गेंद में नाबाद 132) की उपयोगी पारियों तथा दोनों के बीच 210 रन की साझेदारी से टीम ने शानदार वापसी की। लाड ने एक छक्का और 10 चौके लगाये जबकि सरफराज ज्यादा आक्रामक रहे जिन्होंने 14 चौके और चार छक्के लगाये। मुंबई ने दिन की शुरुआत दो विकेट पर 20 रन से की और कल के नाबाद बल्लेबाज भुपेन ललवानी(43) और हार्दिक तामोर (51) ने संभल कर बल्लेबाजी करते हुए तीसरे विकेट के लिए 75 रन की साझेदारी की।

प्रथम श्रेणी का अपना दूसरा मुकाबला खेल रहे तामोर हालांकि ज्यादा आकर्षक दिखे जिन्होंने अपना पहला अर्धशतक लगाया। उन्होंने 94 गेंद में 51 रन बनाये। स्टंप्स के समय सरफराज के साथ कप्तान आदित्य तारे (नौ रन) क्रीज पर मौजूद थे।

ग्रुप बी में इंदौर में खेले जा रहे मुकाबले में भारतीय टेस्ट टीम के नियमित सदस्य चेतेश्वर पुजारा के नाबाद 64 रन और उनकी हार्विक देसाई (नाबाद 65) के साथ तीसरे विकेट के लिए 120 रन की साझेदारी से सौराष्ट्र ने मध्य प्रदेश के खिलाफ अपनी स्थिति मजबूत कर ली। स्टंप्स के समय टीम का स्कोर दो विकेट पर 165 रन था जिससे उसकी कुल बढ़त 229 रन की हो गयी।

पहली पारी में 344 रन बनाने के बाद सौराष्ट्र ने मध्यप्रदेश की पहली पारी को 280 रन पर समेटा। मध्य प्रदेश ने दिन की शुरूआत पांच विकेट के 183 से की। वेंकटेश अय्यर (75) और यश दूबे (74) ने बीच छठे विकेट के लिए 125 रन की साझेदारी कर टीम को मुश्किल परिस्थिति से बाहर निकाला। बड़ौदा ने विष्णु सोलंकी के नाबाद 85 रन के दम पर हिमाचल प्रदेश के खिलाफ पहली पारी में दो विकेट पर 150 रन बना लिये। हिमाचल प्रदेश ने पहली पारी में 496 रन बनाये है। बड़ौदा की टीम अब भी 346 रन से पीछे है और स्टंप्स के समय सोलंकी के साथ यूसुफ पठान 21 रन बनाकर खेल रहे थे।

टॅग्स :रणजी ट्रॉफीमुंबई

संबंधित बातम्या

क्रिकेट अधिक बातम्या