Ranji Trophy quarter-final lineup: गत चैंपियन विदर्भ ने रविवार को यहां उत्तर प्रदेश को चार विकेट से हराकर ग्रुप ए से आंध्र के साथ एलीट रणजी ट्रॉफी क्रिकेट टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। विदर्भ की टीम ग्रुप ए में आंध्र के बाद दूसरे स्थान पर रही। दोनों टीम ने सात मैच में समान 31 अंक हासिल किए लेकिन आंध्र की टीम बेहतर नेट रन रेट के कारण शीर्ष पर रही। उत्तर प्रदेश के 201 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए विदर्भ की टीम ने चौथे और अंतिम दिन चार विकेट पर 91 रन से आगे खेलते हुए छह विकेट गंवाकर 58.2 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया।
Ranji Trophy quarter-final lineup: क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल कार्यक्रम-
1. 6 फरवरीः मुंबई बनाम कर्नाटक
2. 6 फरवरीः बंगाल बनाम आंध्र
3. 6 फरवरीः मध्य प्रदेश बनाम जम्मू-कश्मीर
4. 6 फरवरीः झारखंड बनाम उत्तराखंड
5. 15 फरवरीः पहला सेमीफाइनल
6. 15 फरवरीः दूसरा सेमीफाइनल
7. 24 फरवरीः फाइनल।
सलामी बल्लेबाज अमन मोखाडे 150 गेंद में 83 रन बनाकर शीर्ष स्कोरर रहे। उन्होंने अपनी पारी में 10 चौके मारे। दानिश मालेवार ने भी 54 रन की पारी खेली। उत्तर प्रदेश की तरफ से बाएं हाथ के स्पिनर शिवम शर्मा ने 55 रन देकर चार विकेट चटकाए। सोविमा में अपने अंतिम मैच में नगालैंड के खिलाफ ड्रॉ खेल आंध्र की टीम शीर्ष पर रही।
नगालैंड ने दूसरी पारी में चार विकेट पर 85 रन से आगे खेलते हुए 342 रन बनाए। चेतन बिष्ट ने 100 जबकि नगाहो चिषी ने 79 रन की पारी खेली। आंध्र को 173 रन का लक्ष्य मिला लेकिन टीम 8.3 ओवर में चार विकेट पर 64 रन बनाने के बाद मैच ड्रॉ कराने को राजी हो गई क्योंकि उसे तालिका के शीर्ष पर जगह दिलाने के लिए ड्रॉ काफी था।
ग्रुप ए के एक अन्य मैच में जमशेदपुर में मेजबान झारखंड ने ओडिशा को चार विकेट से हराया लेकिन टीम तीसरे स्थान पर रही। ओडिशा ने दूसरी पारी की शुरुआत आठ विकेट पर 202 रन से करते हुए मैच के अंतिम दिन 226 रन बनाए। झारखंड को 246 रन का लक्ष्य मिला जो उसने 71.3 ओवर में छह विकेट गंवाकर हासिल कर लिया।
सलामी बल्लेबाज शरणदीप सिंह (64) और रोबिन मिन्ज (63) ने अर्धशतक जड़े जबकि अनुकूल रॉय (45) ने भी उम्दा पारी खेली। नॉकआउट की दौड़ से पहले ही बाहर हो चुके तमिलनाडु और बड़ौदा का मैच नीरस ड्रॉ रहा। तमिलनाडु ने अंतिम दिन सात विकेट पर 411 रन से आगे खेलते हुए 449 रन बनाए।
सलामी बल्लेबाज विमल कुमार 182 रन बनाकर शीर्ष स्कोरर रहे। इसके जवाब में पहली पारी में 375 रन बनाने वाले बड़ौदा ने दूसरी पारी में शिवालिक शर्मा (नाबाद 59) और ज्योत्सनिल सिंह (नाबाद 55) के अर्धशतक से बिना विकेट खोए 124 रन बनाए।
कप्तान देवदत्त पडिक्कल की 85 गेंद में 120 रन की पारी से कर्नाटक ने ग्रुप बी के अपने आखिरी मैच में पंजाब को पांच विकेट से हराकर रणजी ट्रॉफी के क्वार्टर फाइनल में जगह सुनिश्चित की। ग्रुप बी से कर्नाटक (27 अंक) और मध्य प्रदेश (28 अंक) ने नॉकआउट में जगह बनाई। मध्य प्रदेश ने शनिवार को महाराष्ट्र को हराया था।
सौराष्ट्र (26 अंक) ने भी शनिवार को चंडीगढ़ के खिलाफ अपना मैच जीता लेकिन कर्नाटक से एक अंक पीछे रह गया। मैच के आखिरी दिन कर्नाटक ने तेज गेंदबाजों प्रसिद्ध कृष्णा और श्रेयस गोपाल के तीन-तीन विकेट की बदौलत पंजाब को दूसरी पारी में 101 ओवर में 256 रन पर आउट कर दिया। कर्नाटक को अधिकतम 40 ओवर में 250 रन बनाने थे।
लेकिन पडिक्कल के आठवें प्रथम श्रेणी शतक की बदौलत कर्नाटक ने 27.5 ओवर में ही जीत हासिल कर ली। कर्नाटक के कप्तान के तौर पर अपने पहले मैच में पडिक्कल ने अपनी नाबाद शतक जड़ा जिसमें छह चौके और पांच छक्के लगाए। अनुभवी मयंक अग्रवाल ने भी 36 गेंद में 53 रन बनाए। दोनों ने सिर्फ 12.3 ओवर में 117 रन जोड़े।
पंजाब के तेज गेंदबाज एसएस बाजवा ने नौ ओवर से भी कम में 85 रन लुटाए। पूर्व कप्तान अग्रवाल और प्रतिभावान आर स्मरण के आउट होने के बाद पडिक्कल को अनुभवी गोपाल (22 गेंद पर 33 रन) का अच्छा साथ मिला। दोनों ने 7.1 ओवर में 67 रन जोड़कर टीम की जीत सुनिश्चित की। इसी ग्रुप के एक अन्य महज औपचारिकता के मैच में केरल ने गोवा को नौ विकेट से हराया।