मुंबईः कर्नाटक ने पंजाब के खिलाफ रोमांचक जीत हासिल करते हुए रणजी ट्रॉफी 2025-26 के क्वार्टर फाइनल के लिए क्वालीफाई करने वाली आखिरी टीम बन गई है। रणजी ट्रॉफी 6 फरवरी से शुरू होगी। कर्नाटक ने 250 रनों के लक्ष्य को मात्र 28 ओवरों में हासिल कर लिया और ग्रुप बी से मध्य प्रदेश के साथ इस सीजन की शीर्ष आठ टीमों में शामिल हो गई। कर्नाटक के अलावा, ग्रुप सी से बंगाल और उत्तराखंड, ग्रुप ए से झारखंड और आंध्र प्रदेश, और ग्रुप डी से मुंबई और जम्मू-कश्मीर ने भी नॉकआउट राउंड के लिए क्वालीफाई कर लिया है।
Ranji Trophy 2025-26- टॉप-5 बल्लेबाज की सूचीः
1. आयुष दोसेजाः 949
2. सनत सांगवानः 828
3. अभिनव तेजरानाः 788
4. अमन मोखड़ेः 760
5. सिद्धेश लाडः 737।
Ranji Trophy 2025-26 Quarterfinals Schedule: रणजी ट्रॉफी 2025-26 क्वार्टर फाइनल के मैच-
1. झारखंड बनाम उत्तराखंड (कीनन स्टेडियम, जमशेदपुर)
2. मध्य प्रदेश बनाम जम्मू-कश्मीर (होल्कर स्टेडियम, इंदौर)
3. बंगाल बनाम आंध्र प्रदेश (बंगाल अकादमी, कल्याणी)
4. मुंबई बनाम कर्नाटक (बीकेसी, मुंबई)।
Ranji Trophy 2025-26- टॉप-5 गेंदबाज की सूचीः
1. सिद्धार्थ देसाईः 45
2. मयंक मिश्राः 44
3. श्रेयस गोपालः 37
4. शाहबाज अहमदः 35
5. औक़िब नबी दारः 34।
कप्तान आयुष दोसेजा ने एमसीए के बीकेसी मैदान पर मुंबई के खिलाफ अपना चौथा प्रथम श्रेणी शतक लगाकर रणजी ट्रॉफी के अपने शानदार सीजन का समापन किया। 23 वर्षीय बाएं हाथ के बल्लेबाज ने नाबाद 159 रन बनाकर सात मैचों में 105.4 के आश्चर्यजनक औसत से 949 रन बनाए। लीग चरण के समापन पर वह अब तक के शीर्ष स्कोरर हैं।
साथी खिलाड़ी सनत सांगवान 828 रनों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। उन्होंने दिल्ली के लिए अपने पहले रणजी ट्रॉफी मैच में हैदराबाद के खिलाफ 209 रन बनाए और अपने पहले ही सीजन का अंत शतक के साथ किया। अपने सातवें ही मैच में आयुष बडोनी और प्रियांश आर्य को आईसीसी टी20 विश्व कप से पहले भारतीय टीम के अभ्यास मैच के लिए बुलाए जाने के बाद, उन्हें मैच से एक दिन पहले कप्तानी सौंपी गई थी।
दोसेजा की नाबाद 159 रन की पारी की बदौलत दिल्ली ने रणजी ट्रॉफी के एलीट ग्रुप डी में तालिका में शीर्ष पर काबिज मुंबई के खिलाफ मुकाबला ड्रॉ करा लिया। इसी ग्रुप से जम्मू-कश्मीर ने भी 42 बार की चैंपियन मुंबई के साथ क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। दोसेजा ने एमसीए-बीकेसी ग्राउंड पर खेले गए इस मुकाबले में 230 गेंदों में 11 चौकों और दो छक्कों की मदद से 159 रन बनाए और मुंबई को जीत से दूर रखा। दोनों टीमों ने चाय के विश्राम से करीब आधा घंटा पहले मुकाबला बराबरी पर समाप्त करने पर सहमति जता दी।
दिल्ली ने दूसरी पारी छह विकेट पर 407 रन बनाकर घोषित की। उस समय उसकी कुल बढ़त 311 रन की थी। दिल्ली ने पहली पारी में 96 रन से पिछड़ने के बाद पिछले दो दिनों में मुंबई को कड़ी चुनौती दी। मुंबई ने सात मैचों में चार जीत और दो ड्रॉ से ग्रुप डी में 33 अंक के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया।
दिल्ली की टीम आठ टीमों की ग्रुप तालिका में सातवें स्थान पर रही। टीम ने छह ड्रॉ मैचों के साथ एक में हार का सामना किया। जम्मू-कश्मीर सात मैचों में तीन जीत और एक हार से 24 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रहा। टीम ने हिमाचल के खिलाफ पहली पारी में 603 रन की बड़ी बढ़त से इस मैच में तीन अंक हासिल किये।
जम्मू कश्मीर के 771 रन के जवाब में पहली पारी में 168 रन बनाने वाली हिमाचल की टीम ने दूसरी पारी में दो विकेट पर 26 रन बना लिये थे लेकिन बीती रात हुई बारिश के कारण चौथे दिन का खेल संभव नहीं हुआ। जम्मू कश्मीर की टीम क्वार्टर फाइनल में मध्य प्रदेश का सामना करेगी। छत्तीसगढ़ की टीम मेजबान हैदराबाद के खिलाफ अपनी दूसरी पारी में आठ विकेट पर 411 रन बनाकर 63 रन की बढ़त हासिल कर मैच ड्रॉ करने में सफल रही।
हैदराबाद ने पहली पारी में 631 रन बनाने के बाद छत्तीसगढ़ को 283 रन पर आउट कर 348 रन की बड़ी बढ़त कायम की थी। पुडुचेरी ने इस बीच राजस्थान को पांच विकेट से शिकस्त दी। टीम ने आर श्रीराम के 57 और अजय रोहेरा के नाबाद 49 रन की पारी से जीत के लिए मिले 172 रन के लक्ष्य को पांच विकेट गंवा कर हासिल कर लिया।