नई दिल्ली, 29 अप्रैल: टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और हर परिस्थिति में अपने 'कूल' अंदाज के लिए पहचाने जाने वाले महेंद्र सिंह धोनी अब भी देश के सबसे बेहतरीन विकेटकीपर माने जाते हैं। आईपीएल में चेन्नई सुपरकिंग्स (सीएसके) की कप्तानी कर रहे धोनी की विकेटकीपिंग के गैरपारंपरिक स्टाइल भी फैंस को खूब लुभाती रही है। यही नहीं, वे कई युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा है।
बहरहाल, शनिवार को धोनी मुंबई इंडियंस के युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन को विकेटकीपिंग के टिप्स देते नजर आए। सोशल मीडिया पर उनकी ये तस्वीर खूब वायरल हो रही है। ईशान किशन और धोनी दोनों झारखंड राज्य से क्रिकेट खेलते हैं। यह तस्वीर मुंबई इंडियंस के इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर की गई है।
धोनी ने शनिवार को मुंबई के खिलाफ 26 रनों की पारी खेली। इस मैच के दौरान एक ऐसा मौका भी आया था जब ईशान के पास धोनी को स्टंप करने मौका था हालांकि, धोनी ने तेजी से अपना बैट क्रीज में रख दिया। इसके बाद कुछ देर बाद ही धोनी कैच आउट हो गए थे। इस मैच में चेन्नई को 8 विकेट से हार मिली। चेन्नई ने पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवरों में पांच विकेट खोकर 169 रन बनाए। जवाब में मुंबई ने 170 रनों का लक्ष्य दो विकेट खोकर 19.4 ओवरों में हासिल कर लिया। (और पढ़ें- IPL 2018: मुंबई से हार के बाद चेन्नई का ये गेंदबाज आईपीएल से दो हफ्ते के लिए बाहर)