नई दिल्ली, 22 अप्रैल: एमएस धोनी निश्चित तौर पर आधुनिक क्रिकेट के सबसे लोकप्रिय क्रिकेटरों में से एक हैं। आईपीएल 2018 के दौरान भी धोनी की लोकप्रियता का आलम अपने चरम पर है। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ शुक्रवार को खेले गए मैच में भले ही चेन्नई की टीम ने शेन वॉटसन के तूफानी शतक की मदद से 64 रन से जीत हासिल की। लेकिन इस मैच में धोनी की फैन फॉलोइंग ने अलग सुर्खियां बटोरीं।
ये मैच चेन्नई के बजाय पुणे में खेला जा रहा था लेकिन धोनी की लोकप्रियता में कोई कमी नहीं आई। लाइव मैच के दौरान ही एक लड़की ने धोनी को प्रपोज किया। आईसीसी ने इस लड़की की तस्वीर ट्वीट की। उस लड़की ने अपने हाथ में एक पोस्टर लिया था, 'जिसमें लिखा था, भविष्य के पार्टनर सॉरी, लेकिन एमएस धोनी हमेशा मेरा पहला प्यार रहेंगे! आई लव यू माही'
धोनी को दो साल बाद वापसी कर रही चेन्नई सुपरकिंग्स की टीम ने 15 करोड़ रुपये में खरीदा है। धोनी की कप्तानी में चेन्नई ने इस सीजन की शुरुआत शानदार अंदाज में की है और अब तक 4 में तीन मैच जीत चुकी हैं। धोनी की कप्तानी में चेन्नई की टीम ने 2010 और 2011 का आईपीएल और 2010 का चैंपियंस लीग खिताब जीता था। आईपीएल की शुरुआत के बाद से धोनी ने 2015 तक लगातार आठ सीजन तक चेन्नई की कप्तानी की।