नई दिल्लीः अनुष्का शर्मा को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 17 अप्रैल से शुरू हो रही पांच मैचों की टी20 क्रिकेट श्रृंखला के लिये पहली बार भारतीय महिला टीम में शामिल किया गया है। सीरीज के मैच डरबन, जोहानिसबर्ग और बेनोनी में होंगे। महिला चयन समिति ने अप्रैल में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाली पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए 15 सदस्यीय टीम की घोषणा की है, जिसमें काश्वी गौतम और अनुष्का शर्मा को पहली बार टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम में शामिल किया गया है। उमा चेत्री को भी टीम में जगह मिली है, वैष्णवी शर्मा, स्नेह राणा, जी कमलिनी और अमनजोत कौर उस टीम से बाहर हैं।
दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए भारतीय टी20 टीम:
हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उप-कप्तान), शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), अरुंधति रेड्डी, रेणुका ठाकुर, क्रांति गौड़, श्री चरानी, श्रेयांका पाटिल, कश्वी गौतम, भारती फुलमाली, उमा चेत्री (विकेटकीपर), अनुष्का शर्मा।
हाल ही में ऑस्ट्रेलिया का सामना किया था। 22 वर्षीय तेज गेंदबाज कश्वी महिला प्रीमियर लीग में गुजरात जायंट्स टीम का हिस्सा रही हैं, जहां उन्होंने 18 मैच खेले और 19 विकेट लिए हैं। उन्होंने अप्रैल 2025 में श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज में भारत के लिए पदार्पण किया और इसी महीने पर्थ में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच में उन्हें टेस्ट कैप भी मिली।
22 वर्षीय ऑलराउंडर अनुष्का ने 2026 सीजन में महिला प्रीमियर लीग में भी जायंट्स के लिए खेला था, जिसमें उन्होंने सात मैचों में 177 रन बनाए थे। वह महिला एशिया कप राइजिंग स्टार्स टी20 टूर्नामेंट जीतने वाली भारतीय ए टीम का भी हिस्सा थीं। विकेटकीपर-बल्लेबाज चेत्री ने भारत के लिए सात टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं और उन्होंने 2025 विश्व कप में बांग्लादेश के खिलाफ अपना वनडे डेब्यू भी किया था।
2024 और 2025 में महिला प्रीमियर लीग में यूपी वॉरियर्स टीम का हिस्सा रहीं चेत्री 2026 सीजन के लिए अनसोल्ड रहीं। पांच मैचों की यह सीरीज इस साल जून-जुलाई में इंग्लैंड में होने वाले महिला टी20 विश्व कप की तैयारी के तौर पर खेली जा रही है। सीरीज के पहले दो मैच 17 और 19 अप्रैल को डरबन में खेले जाएंगे। अगले दो मैच 22 और 25 अप्रैल को जोहानिसबर्ग में होंगे, जबकि अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच 27 अप्रैल को बेनोनी में खेला जाएगा।