कांग्रेस विधायक ने उठाई मांग, महानतम क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी को मिले ‘भारत रत्न’

एमएस धोनी ने शनिवार (15 अगस्त) को इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया...

By भाषा | Updated: August 16, 2020 22:32 IST2020-08-16T22:32:11+5:302020-08-16T22:32:11+5:30

Congress MLA seeks Bharat Ratna for M S Dhoni | कांग्रेस विधायक ने उठाई मांग, महानतम क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी को मिले ‘भारत रत्न’

कांग्रेस विधायक ने उठाई मांग, महानतम क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी को मिले ‘भारत रत्न’

मध्य प्रदेश के कांग्रेस विधायक एवं प्रदेश के पूर्व मंत्री पी सी शर्मा ने रविवार को केन्द्र सरकार से मांग की है कि भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को ‘भारत रत्न’ से सम्मानित किया जाये। शर्मा ने धोनी द्वारा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा के एक दिन बाद यह मांग की है।

भोपाल दक्षिण-पश्चिम सीट के विधायक शर्मा ने ट्वीट किया, ‘‘भारतीय क्रिकेट को पूरी दुनिया में विजेता के रूप में स्थापित करने वाले ‘देश के रत्न’ महान कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को भारत-रत्न से सम्मानित किया जाना चाहिये।’’ शर्मा ने बताया, ‘‘धोनी ‘स्पोर्ट्स के भारत रत्न हैं। उन्होंने क्रिकेट में देश का नाम ऊंचा किया है। इसलिए उन्हें ‘भारत रत्न’ से नवाजा जाये। ’’

भारत रत्न भारत का सर्वोच्च नागरिक सम्मान है। यह सम्मान राष्ट्रीय सेवा के लिए दिया जाता है। इन सेवाओं में कला, साहित्य, विज्ञान, सार्वजनिक सेवा और खेल शामिल हैं। धोनी दुनिया के एकमात्र कप्तान हैं जिन्होंने तीनों आईसीसी ट्रॉफी जीती हैं। इसमें 2007 में टी-20 विश्व कप, 2011 में एकदिवसीय विश्व कप और 2013 में चैंपियन्स ट्रॉफी शामिल हैं।

धोनी ने शनिवार शाम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा की। उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा, ‘‘मुझे अब रिटायर्ड समझा जाए।’’ इसी बीच, मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने रविवार को ट्वीट किया, ‘‘पूर्व भारतीय कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी का भारतीय क्रिकेट में योगदान व उनका उम्दा प्रदर्शन कभी भुलाया नहीं जा सकता है। उनकी कुशल कप्तानी में भारतीय क्रिकेट टीम ने कई मौकों पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूँ।’’

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं मध्य प्रदेश से राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने ट्वीट किया, ‘‘धोनी के सन्यास से, स्वाभाविक है हम सबको दुख होगा। लेकिन उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट पर अपनी अमिट छाप छोड़ दी है। हम उनके सदैव प्रशंसक रहेंगे। उन्हें हमारी हार्दिक शुभकामनाएँ।’’

Open in app