नई दिल्लीः क्रिकेट स्कॉटलैंड की मुख्य कार्यकारी अधिकारी ट्रुडी लिंडब्लेड को भरोसा है कि उनके राष्ट्रीय टीम के खिलाड़ियों को टी20 विश्व कप के लिए भारत की यात्रा करने के लिए समय पर वीजा मिल जाएगा। बांग्लादेश ने सुरक्षा चिताओं का हवाला देते हुए भारत में खेलने से इनकार कर दिया था जिसके बाद उसके स्थान पर स्कॉटलैंड को टी20 विश्व कप में शामिल किया गया। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने स्पष्ट किया था कि भारत में किसी भी तरह सुरक्षा को खतरा नहीं है। स्कॉटलैंड सात फरवरी को कोलकाता में वेस्टइंडीज के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगा।
T20 World Cup 2024: टीम-
रिची बेरिंगटन (कप्तान), टॉम ब्रूस, मैथ्यू क्रॉस, ब्रैडली करी, ओलिवर डेविडसन, क्रिस ग्रीव्स, ज़ैनुल्लाह इहसान, माइकल जोन्स, माइकल लीस्क, फिनले मैकक्रीथ, ब्रैंडन मैकमुलन, जॉर्ज मुन्सी, सफ़यान शरीफ़, मार्क वाट, ब्रैडली व्हील। टीम के साथ यात्रा करने वाले रिजर्व खिलाड़ी: जैस्पर डेविडसन, जैक जार्विस।
टीम के साथ यात्रा नहीं करने वाले खिलाड़ी: मैकेन्ज़ी जोन्स, क्रिस मैकब्राइड, चार्ली टियर।
स्कॉटलैंड की टीम में पाकिस्तानी मूल के तेज गेंदबाज सफयान शरीफ भी शामिल हैं। भारतीय वीजा के लिए आवेदन करने वाले पाकिस्तानी मूल के आवेदकों की अधिक गहन जांच की जाती है, जिसके कारण प्रक्रिया में अधिक समय लगता है। ईएसपीएनक्रिकइंफो के अनुसार लिंडब्लेड ने कहा, ‘‘हम सभी आईसीसी के साथ मिलकर इसे साकार करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
वीजा का मामला हमेशा थोड़ा अनिश्चित होता है। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि आपके पास तीन दिन हैं या 45 दिन।’’ उन्होंने कहा, ‘‘पिछले 48 घंटों में हमारा पूरा ध्यान इसी बात पर रहा है। खिलाड़ियों के वीजा की प्रक्रिया पूरी करना ताकि वे खेलने के लिए पूरी तरह तैयार हों। वे सभी अपने वीजा के लिए आवेदन कर रहे हैं और हम जितनी जल्दी हो सके भारत पहुंच जाएंगे।
इसमें अब केवल कुछ समय की बात है।’’ शरीफ का जन्म हडर्सफील्ड में एक पाकिस्तानी पिता और एक ब्रिटिश-पाकिस्तानी मां के घर हुआ था। वह सात साल की उम्र में स्कॉटलैंड चले गए थे। लिंडब्लेड ने कहा, ‘‘आईसीसी हमें केवल उन्हीं चीजों के बारे में आश्वासन दे सकता है जिन पर उनका नियंत्रण है।
हम उनके साथ मिलकर काम कर रहे हैं और जाहिर है कि वे बीसीसीआई और वहां के स्थानीय लोगों के साथ मिलकर यह सुनिश्चित करने के लिए काम कर रहे हैं कि हमें वह सभी सहयाेग मिले जिसकी हमें जरूरत है।’’ स्कॉटलैंड के सीनियर अधिकारी स्टीव स्नेल ने कहा, ‘‘हम बीसीसीआई से जब भी संभव हो सहयोग मिलने की उम्मीद कर रहे हैं।
स्कॉटलैंड को विश्व कप में शामिल किए जाने के बाद उसका वहां न पहुंच पाना किसी के लिए भी अच्छा नहीं होगा।’’ लिंडब्लेड ने कहा कि स्कॉटलैंड बांग्लादेश के प्रति सहानुभूति रखता है और वे आईसीसी के इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में इस तरह से शामिल नहीं होना करना चाहते थे। उन्होंने कहा, ‘‘हमें बांग्लादेश टीम के लिए निश्चित रूप से सहानुभूति है।
हम इस तरह से विश्व कप में प्रवेश नहीं करना चाहते थे। एक क्वालिफिकेशन प्रक्रिया होती है और कोई भी उस तरह से क्वालिफाई करना, भाग लेना या विश्व कप के लिए आमंत्रित होना नहीं चाहता जिस तरह से हमने किया है। हम बांग्लादेश के खिलाड़ियों के प्रति सहानुभूति रखते हैं।’’
बांग्लादेश के बाहर होने के बाद अंतिम समय में टी20 विश्व कप में प्रवेश करने वाले स्कॉटलैंड ने भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में सात फरवरी से शुरू होने वाले आईसीसी टूर्नामेंट के लिए अपनी 15 सदस्यीय टीम में अफगानिस्तान में जन्में तेज गेंदबाज ज़ैनुल्लाह इहसान को शामिल किया है। बांग्लादेश ने सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए भारत में खेलने से इनकार कर दिया था।
जिसके बाद उसके स्थान पर स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल किया गया। रिची बेरिंगटन स्कॉटलैंड की टीम की कप्तानी करेंगे जिसमें 11 ऐसे खिलाड़ी शामिल हैं जो वेस्टइंडीज और अमेरिका में 2024 में खेले गए टी20 विश्व कप टीम का हिस्सा थे। स्कॉटलैंड ने पिछले महीने ही ओवेन डॉकिन्स को मुख्य कोच नियुक्त किया था और उनकी देखरेख में पहली बार टीम किसी बड़े टूर्नामेंट में भाग लेगी।
इहसान एकमात्र ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्हें पहली बार टीम में शामिल किया गया है। इस तेज गेंदबाज ने हाल ही में स्कॉटलैंड के लिए खेलने की अर्हता हासिल की थी। टॉम ब्रूस, फिनले मैक्रीथ और ओलिवर डेविडसन पिछले 12 महीनों में टी20 और वनडे टीमों में शामिल होने के बाद पहली बार विश्व कप में हिस्सा लेंगे।
क्रिकेट स्कॉटलैंड ने एक बयान में कहा, ‘‘टीम का चयन सभी खिलाड़ियों और स्टाफ के वीजा आवेदनों की मंजूरी पर निर्भर है। टूर्नामेंट में स्कॉटलैंड की भागीदारी के लिए सीमित समय और खिलाड़ियों के चयन की समयसीमा को देखते हुए दो रिजर्व खिलाड़ियों का भी चयन किया गया है जो टीम के साथ यात्रा करेंगे।
इसके अलावा तीन अन्य खिलाड़ियों को रिजर्व रखा गया है जो टीम के साथ यात्रा नहीं करेंगे।’’ स्कॉटलैंड की टीम में शामिल सफयान शरीफ पाकिस्तानी मूल के हैं और उनके वीजा आवेदन की अधिक बारीकी से जांच की जाएगी। मुख्य कोच डॉकिन्स ने कहा कि विश्व कप में अप्रत्याशित रूप से प्रवेश मिलना खिलाड़ियों के लिए एक शानदार अवसर है।
उन्होंने कहा,‘‘क्रिकेट स्कॉटलैंड में सभी के लिए पिछले 48 घंटे बहुत ही व्यस्त रहे हैं। हम सभी बहुत उत्साहित हैं और इस अवसर को पाकर खुद को सौभाग्यशाली महसूस कर रहे हैं। खिलाड़ी पिछले कुछ हफ्तों से फिटनेस पर कड़ी मेहनत कर रहे हैं।’’ स्कॉटलैंड ने ग्रुप सी में बांग्लादेश की जगह ली है, जिसमें इटली, वेस्टइंडीज, इंग्लैंड और नेपाल भी शामिल हैं।