विंडीज के खिलाफ पांच मैचों की सीरीज में शानदार प्रदर्शन करने वाले टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने मजबूती के साथ नंबर एक का स्थान पक्का कर लिया है। विंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में 453 रन बनाने वाले कोहली को 15 अंकों का फायदा हुआ है और 899 अंकों के साथ शीर्ष पर कब्जा जमाए हुए हैं। वहीं सीरीज में 389 रन बनाने वाले रोहित शर्मा को भी 29 अंकों का फायदा हुआ है और वो 871 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर बरकरार हैं।
चहल-जडेजा ने लगाई लंबी छलांग
वनडे क्रिकेट में करीब 14 महीने बाद एशिया कप से वापसी करने वाले रवींद्र जडेजा ने विंडीज के खिलाफ शानदार गेंदबाजी की और 4 मैचों में 7 विकेट अपने नाम किए। इस शानदार प्रदर्शन के बाद जडेजा को 16 स्थान ऊपर चढ़कर 25वें स्थान पर आ गए हैं।
पहली बार टॉप 10 में पहुंचे युजवेंद्र चहल
विंडीज के खिलाफ आखिरी तीन वनडे खेलने वाले जसप्रीत बुमराह करियर की सर्वश्रेष्ठ रेटिंग प्वाइंट के साथ टॉप पर बरकरार हैं। 3 मैचों में 6 विकेट लेने वाले बुमराह के 841 अंक हो गए हैं। वहीं कुलदीप यादव 723 अंकों के साथ रैंकिंग में तीसरे स्थान पर बने हुए हैं।
इसके अलावा युजवेंद्र चहल को 3 स्थान का फायदा हुआ है और वह पहली बार टॉप 10 में पहुंच गए हैं। इसके साथ ही अब गेंदबाजों की वनडे रैंकिंग के टॉप 10 में तीन भारतीय गेंदबाज हो गए हैं। श्रीलंका के धनंजय ने इंग्लैंड के खिलाफ नौ विकेट की बदौलत आठ पायदान की छलांग से अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ 13वीं रैंकिंग हासिल की।
विंडीज के इन बल्लेबाजों को हुआ फायदा
विंडीज को भारत के खिलाफ सीरीज में 1-3 से हार का सामना करना पड़ा, लेकिन पूरी सीरीज में शानदार प्रदर्शन करने वाले शाई होप और शिमरोन हेटमायेर को जबदस्त फायदा हुआ है। होप 22 पायदान आगे बढ़कर 25वें नंबर पर आ गए हैं, वहीं हेटमायेर 31 स्थान के फायदे के साथ रैंकिंग में 26वें नंबर पर पहुंच गए हैं।
रायुडू ने हासिल की सर्वश्रेष्ठ रेटिंग
विंडीज के खिलाफ चौथे वनडे में शानदार शतकीय पारी खेलने वाले टीम इंडिया के अंबाती रायुडू करियर की सर्वश्रेष्ठ 533 अंकों की रेटिंग हासिल कर 48वें नंबर पर पहुंच गए हैं। रायुडू ने विंडीज के खिलाफ पांच मैचों की चार पारियों में 217 रन बनाए।
धवन को चार पायदान का नुकसान
टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज शिखर धवन विंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में खराब प्रदर्शन के कारण बल्लेबाजों की सूची में चार पायदान खिसक गए। धवन वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच पारियों में एक भी अर्धशतक नहीं बना सके, जिससे वह चार पायदान खिसककर नौंवे स्थान पर पहुंच गए।
भारतीय टीम दूसरे नंबर पर बरकरार
इंग्लैंड रैंकिंग में नंबर एक टीम है, जबकि भारत दूसरे स्थान पर है। भारतीय टीम इंग्लैंड से पांच अंक से पिछड़ रही है, लेकिन तीसरी रैंकिंग पर काबिज न्यूजीलैंड से नौ अंक आगे है।
आईसीसी वनडे टीम रैंकिंग
रैंकिंग | टीम | प्वाइंट |
1 | इंग्लैंड | 126 |
2 | भारत | 121 |
3 | न्यूजीलैंड | 112 |
4 | साउथ अफ्रीका | 110 |
5 | पाकिस्तान | 101 |
6 | ऑस्ट्रेलिया | 100 |
7 | बांग्लादेश | 93 |
8 | श्रीलंका | 79 |
9 | विंडीज | 72 |
10 | अफगानिस्तान | 67 |
11 | जिम्बाब्वे | 52 |
12 | आयरलैंड | 39 |
13 | स्कॉटलैंड | 33 |
14 | यूएई | 21 |
आईसीसी वनडे बल्लेबाजों की रैंकिंग
रैंकिंग | बल्लेबाज | प्वाइंट |
1 | विराट कोहली (भारत) | 899 |
2 | रोहित शर्मा (भारत) | 871 |
3 | जो रूट (इंग्लैंड) | 807 |
4 | डेविड वॉर्नर (ऑस्ट्रेलिया) | 803 |
5 | बाबर आजम (पाकिस्तान) | 798 |
6 | रोस टेलर (न्यूजीलैंड) | 785 |
7 | केन विलियम्सन (न्यूजीलैंड) | 778 |
8 | क्वींटन डी कॉक (साउथ अफ्रीका) | 769 |
9 | शिखर धवन (भारत) | 767 |
10 | फाफ डु प्लेसिस (साउथ अफ्रीका) | 753 |
आईसीसी वनडे गेंदबाजों की रैंकिंग
रैंकिंग | गेंदबाज | प्वाइंट |
1 | जसप्रीत बुमराह (भारत) | 841 |
2 | राशिद खान (अफगानिस्तान) | 788 |
3 | कुलदीप यादव (भारत) | 723 |
4 | ट्रेंट बोल्ट (न्यूजीलैंड) | 699 |
5 | जोस हेजलवुड (ऑस्ट्रेलिया) | 696 |
6 | कगिसो रबादा (साउथ अफ्रीका) | 691 |
7 | इमरान ताहिर (साउथ अफ्रीका) | 685 |
8 | युजवेंद्र चहल (भारत) | 683 |
9 | आदिल राशिद (इंग्लैंड) | 683 |
10 | हसन अली (पाकिस्तान) | 681 |