Share Market Today: शेयर बाजार में बहार! सेंसेक्स-निफ्टी ने तेजी से की शुरुआत, निवेशकों में उत्साह
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: November 20, 2025 10:48 IST2025-11-20T10:48:30+5:302025-11-20T10:48:41+5:30
Share Market Today: शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बुधवार को लिवाल रहे थे

Share Market Today: शेयर बाजार में बहार! सेंसेक्स-निफ्टी ने तेजी से की शुरुआत, निवेशकों में उत्साह
Share Market Today: घरेलू शेयर बाजारोंसेंसेक्स और निफ्टी में बृहस्पतिवार को शुरुआती कारोबार में बढ़त दर्ज की गई। वैश्विक बाजार में तेजी और विदेशी पूंजी के प्रवाह ने निवेशकों की धारणा को बल दिया। बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 284.49 अंक चढ़कर 85,470.96 अंक के अपने 52 सप्ताह के सबसे उच्च स्तर पर पहुंच गया। एनएसई निफ्टी भी 83.35 अंक की बढ़त के साथ 26,136 अंक पर पहुंच गया जो इसका 52 सप्ताह का उच्च स्तर है।
सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से अदाणी पोर्ट्स, रिलायंस इंडस्ट्रीज, टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स, एक्सिस बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा और पावर ग्रिड के शेयर में बढ़त दर्ज की गई। दूसरी ओर एचसीएल टेक, टेक महिंद्रा, आईसीआईसीआई बैंक और मारुति के शेयर में गिरावट रही।
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की 225, चीन का एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग बढ़त में रहे। अमेरिकी बाजार बुधवार को सकारात्मक दायरे में बंद हुए थे। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 0.27 प्रतिशत की बढ़त के साथ 63.68 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर रहा।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बुधवार को लिवाल रहे थे और उन्होंने शुद्ध रूप से 1,580.72 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। वहीं घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने भी 1,360.27 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।