लाइव न्यूज़ :

कोविड चिंता के साथ उतार-चढ़ाव वाले कारोबार में सेंसेक्स 202 अंक टूटा

By भाषा | Updated: April 23, 2021 18:09 IST

Open in App

मुंबई, 23 अप्रैल बीएसई सेंसेक्स शुक्रवार को 202 अंक की गिरावट के साथ बंद हुआ। कोविड-19 संक्रमण मामले तेजी से बढ़ने और उसका अर्थव्यवस्था पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर चिंता के बीच आईसीआईसीआई बैंक, इन्फोसिस और एचयूएल में गिरावट के साथ शेयर बाजार नीचे आया।

विश्लेषकों के अनुसार अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये की विनिमय दर में गिरावट और इसके 75 के पार जाने तथा वैश्विक बाजारों में कमजोर रुख का भी घरेलू बाजार पर प्रभाव पड़ा। उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में 30 शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 202.22 अंक यानी 0.42 प्रतिशत की गिरावट के साथ 47,878.45 अंक पर बंद हुआ।

इसी प्रकार, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 64.80 अंक यानी 0.45 प्रतिशत टूटकर 14,341.35 अंक पर बंद हुआ।

सेंसेक्स के शेयरों में सर्वाधिक नुकसान में महिंद्रा एंड महिंद्रा रहा। यह 2.63 प्रतिशत नीचे आया। इसके अलावा डा. रेड्डीज, भारती एयरटेल, टेक महिंद्रा, एचयूएल, आईसीआईसीआई बैंक और इन्फोसिस में भी गिरावट रही।

दूसरी तरफ, लाभ में रहने वाले शेयरों में पावर ग्रिड, एनटीपीसी, इंडसइंड बैंक, एक्सिस बैंक, एचडीएफसी और एशियन पेंट्स शामिल हैं। इनमें 3.51 प्रतिशत तक की तेजी आयी।

अवकाश के कारण कम कारोबारी दिवस वाले सप्ताह में सेंसेक्स 953.58 यानी 1.95 प्रतिशत जबकि निफ्टी 276.50 अंक यानी 1.89 प्रतिशत नीचे आये।

कोटक सिक्योरिटीज के बुनियादी शोध प्रमुख रूसमिक ओझा ने कहा कि भारतीय बाजार इस सप्ताह कोविड-19 मामलों में तेजी से वृद्धि के कारण एफपीआई की बिकवाली के कारण दबाव में आया। अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये के 75 के आसपास बने रहने के साथ एफपीआई (विदेशी पोर्टफोलियो निवेशक) इस सप्ताह शुद्ध रूप से बिकवाल रहे।

उन्होंने कहा, ‘‘भारत में संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं और यह एक तरह से केंद्र बन गया है। ऐसे में कंपनियों की आय में कमी की आशंका है। यह मझोले और छोटी कंपनियों के मामले में अधिक हो सकती है।’’

ओझा ने कहा, ‘‘विभिन्न राज्य सरकारों द्वारा फिर से ‘लॉकडाउन’ और अन्य पाबंदियां लगाये जाने से मांग पर असर पड़ेगा और व्यापार गतिविधियां भी प्रभावित होंगी। इसके अलावा जिंसों के दाम में तेजी से विनिर्माता कंपनियों के मार्जिन पर असर पड़ेगा। कई सारी नकारात्मक कारणों के एक साथ आने से निकट भविष्य में बाजार पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।’’

स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़े के अनुसार देश में एक दिन में रिकॉर्ड 3,32,730 नये मामले सामने आने के बाद संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 1,62,63,695 हो गए हैं। आंकड़े के मुताबिक 24 लाख से अधिक लोग संक्रमण की चपेट में हैं।

एशिया के अन्य बाजारों में शंघाई, हांगकांग और सोल में तेजी रही जबकि तोक्यो बाजार नुकसान में रहा।

यूरोप के प्रमुख बाजारों में मध्याह्न कारोबार में नुकसान का रुख रहा।

इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.06 प्रतिशत की गिरावट के साथ 65.36 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 7 पैसे टूटकर 75.01 पर बंद हुआ।

शेयर बाजार के अस्थायी आंकड़े के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशक पूंजी बाजार में शुद्ध बिकवाल बने हुए हैं। उन्होंने बृहस्पतिवार को बाजार से 909.56 करोड़ रुपये निकाले।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

ज़रा हटकेहवा में मौत का मंजर! फ्लाई91 की फ्लाइट में तकनीकी खराबी के बाद यात्रियों की सांसें अटकीं; अफर-तफरी का वीडियो वायरल

ज़रा हटकेVIDEO: 'शरिया लागू कराना है क्या?', BJP नेता नाजिया इलाही खान ने मुंबई में लेंसकार्ट स्टोर पर किया हंगामा, स्टाफ की लगाई क्लास

भारतUdhampur Road Accident: खाई में समा गई यात्रियों से भरी बस, कई यात्रियों की मौत का अंदेशा; मंत्री जितेंद्र सिंह ने घायलों की मदद का दिया आदेश

भारतJammu-Kashmir: बैसरन के घास के मैदान को आखिरकार मिलेगी सड़क, एक साल पहले हुआ था पहलगाम हमला

क्राइम अलर्टDelhi Crime: प्रीत विहार में पार्किंग को लेकर खूनी संघर्ष, सरेआम गोली मारकर हत्या; आरोपी की तलाश में पुलिस

कारोबार अधिक खबरें

कारोबारPetrol, Diesel Prices Today: दिल्ली से मुंबई तक, पेट्रोल-डीजल की ताजा कीमतों में क्या हुआ बदलाव? यहाँ देखें लिस्ट

कारोबारसाइबर ठगी के मामलों में ग्राहक को नहीं ठहरा सकते जिम्मेदार 

कारोबारBank Holidays Next Week: सावधान! अगले सप्ताह बैंक जाने की है योजना? जान लें छुट्टियों का पूरा शेड्यूल

कारोबारPetrol, Diesel Price Today: पेट्रोल और डीजल की ताजा दरें घोषित, महानगरों में ईंधन के दामों में बड़ा अपडेट

कारोबारMeta layoffs: 20 मई को बड़े पैमाने पर छंटनी में 8,000 कर्मचारियों की नौकरी जाने की संभावना