अजित पवार के पास था वित्त मंत्रालय, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अपने पास लिया?, अगला बजट पेश करेंगे सीएम?
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: January 30, 2026 20:45 IST2026-01-30T20:44:44+5:302026-01-30T20:45:53+5:30
सुशील कुमार शिंदे ने नौ बार, रामराव अडिक ने आठ बार, मधुकरराव चौधरी ने पांच बार और यशवंतराव मोहिते ने चार बार बजट पेश किया था।

file photo
मुंबईः महाराष्ट्र में उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन के बाद इस बात की प्रबल संभावना है कि अगले महीने विधानसभा सत्र के दौरान वर्ष 2026-27 के लिए राज्य का बजट मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पेश करें। वित्त मंत्रालय का प्रभार इसके पहले अजित पवार के पास था। बुधवार सुबह पुणे के बारामती में हुए विमान हादसे में पवार (66) और चार अन्य लोगों की मौत हो गई थी।
पवार का बृहस्पतिवार को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। राज्य के पहले वित्त मंत्री दिवंगत शेषराव वानखेड़े का राज्य में 13 बार बजट पेश करने का रिकॉर्ड है। सूत्रों ने पुष्टि की है कि मुख्यमंत्री फडणवीस द्वारा अगला बजट पेश किए जाने की प्रबल संभावना है। यह फडणवीस का दूसरा बजट होगा,
क्योंकि उन्होंने मार्च 2023 में एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली सरकार में उपमुख्यमंत्री रहते हुए वित्त मंत्री के रूप में बजट पेश किया था। वर्तमान में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के नेता जयंत पाटिल को 1999 से 2014 तक कांग्रेस- राकांपा(अविभाजित) के शासनकाल में 10 बार बजट पेश करने का गौरव प्राप्त है।
उनसे पहले सुशील कुमार शिंदे ने नौ बार, रामराव अडिक ने आठ बार, मधुकरराव चौधरी ने पांच बार और यशवंतराव मोहिते ने चार बार बजट पेश किया था। वर्ष 1995-99 के शिवसेना-भाजपा शासनकाल में एकनाथ खडसे ने तीन बार और महादेव शिवंकर ने दो बार बजट पेश किया था।