फिल्म 'द कश्मीर फाइल्स' के OTT रिलीज की हो गई घोषणा, जी5 पर इस दिन से होगी स्ट्रीम
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: April 25, 2022 03:46 PM2022-04-25T15:46:41+5:302022-04-25T15:49:48+5:30
अनुपम खेर ने एक बयान में कहा, ‘द कश्मीर फाइल्स’ एक ऐसी घटना को दिखाती है जो कई वर्ष पहले हमारे लोगों के साथ घटी और जिसके बारे में अब भी बहुत से लोग नहीं जानते।
मुंबई। विवेक रंजन अग्निहोत्री के निर्देशन में बनी विवादित और चर्चित फिल्म द कश्मीर फाइल्स के दर्शकों को आखिर वो खुशखबरी मिल ही गई जिसका वे लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। द कश्मीर फाइल्स को देखने की चाह रखने वाले वैसे दर्शक जो सिनेमाहॉल नहीं जा सके, उनके लिए इसके ओटीटी रिलीज की घोषणा कर दी गई है।
बता दें कि फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ 13 मई से डिजिटल मंच ‘जी5’ पर प्रसारित की जाएगी। फिल्म के लेखक और निर्देशक विवेक अग्निहोत्री हैं और इसका निर्माण ‘ज़ी स्टूडियो’ के बैनर तले किया गया था। यह फिल्म कश्मीर से कश्मीरी हिंदुओं के पलायन के विषय पर आधारित है। फिल्म में दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर और मिथुन चक्रवर्ती के साथ-साथ पल्लवी जोशी और दर्शन कुमार जैसे कलाकारों ने भी महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं।
अनुपम खेर ने एक बयान में कहा, ‘‘ ‘द कश्मीर फाइल्स’ एक ऐसी घटना को दिखाती है जो कई वर्ष पहले हमारे लोगों के साथ घटी और जिसके बारे में अब भी बहुत से लोग नहीं जानते। फिल्म को देशभर में बहुत सराहना मिली और जो लोग इसे बड़े पर्दे पर नहीं देख पाए, उनके लिए यह ‘जी5’ पर आ रही है।’’ फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ भारत और कई अन्य देशों में हिंदी, तमिल, तेलुगु और कन्नड सहित कई भाषाओं में उपलब्ध होगी।