तुनिषा की दोस्त ने शीजान पर लगाए गंभीर आरोप- सेक्शुअल जरूरतों को पूरा करने के लिए उसने कई महिलाओं...पुलिस का आया बयान
By अनिल शर्मा | Published: December 27, 2022 11:33 AM2022-12-27T11:33:18+5:302022-12-27T15:00:48+5:30
अभिनेता शीजान खान ने जांचकर्ताओं को बताया कि उसके और तुनिषा के बीच प्रेम संबंध थे, पर यह ज्यादा दिन तक नहीं चल पाया और तीन महीने में ही खत्म हो गया। वसई के पुलिस अधिकारी ने सोमवार को कहा कि खान ने दोनों के बीच उम्र के फासले के बारे में भी बात की।
मुंबईः दिवंगत अभिनेत्री तुनिषा शर्मा की दोस्त रैय्या लबीब ने दावा किया है कि शीजान खान ने अपनी सेक्शुअल जरूरतों को पूरा करने के लिए कई महिलाओं का इस्तेमाल किया। एक टीवी डिबेट में अभिनेत्री की आत्महत्या को लेकर रैय्या ने कहा कि वह हमेशा फोन पर ही व्यस्त रहा करती थी। और इसके बाद वह काफी परेशान दिखने लगती थी। तुनिषा की दोस्त ने कहा कि शीजान सभी को धोखा दे रहा था और सेक्स के लिए ही रिलेशनशिप में जाता था, उसने तुनिषा के साथ यही किया और बाद में उससे रिश्ता तोड़ लिया।
21 वर्षीय तुनिषा ने शनिवार पालघर जिले में ‘अली बाबा: दास्तान-ए-काबुल’ के सेट पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। तुनिषा का शव शौचालय में फंदे से लटका मिला था। इसके बाद उनके सह-अभिनेता शीजान खान को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में रविवार को गिरफ्तार किया गया।
अभिनेता शीजान खान ने जांचकर्ताओं को बताया कि उसके और तुनिषा के बीच प्रेम संबंध थे, पर यह ज्यादा दिन तक नहीं चल पाया और तीन महीने में ही खत्म हो गया। वसई के पुलिस अधिकारी ने सोमवार को कहा कि खान ने दोनों के बीच उम्र के फासले के बारे में भी बात की।
अधिकारी ने कहा कि अभी तक ऐसा कुछ भी नहीं बताया गया है कि खान और शर्मा ने श्रद्धा वालकर हत्याकांड की पृष्ठभूमि में अलग होने का फैसला किया, जिसमें श्रद्घा के लिव-इन पार्टनर आफताब पूनावाला को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के पालघर जिले में पुलिस ने 16 लोगों के बयान दर्ज किए हैं, जहां शनिवार को यह घटना हुई थी।
इस बीच खान को वसई की एक अदालत में पेश किया गया जहां से उसे बुधवार तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। अधिकारी ने कहा, “खान ने पुलिस को बताया कि वह और शर्मा प्रेम संबंध में थे जो ज्यादा दिन न चल पाने के कारण तीन महीने में खत्म हो गया। खान ने हमें बताया कि दोनों के बीच उम्र का फासला था, क्योंकि खान 27 साल का था और तुनिषा 21 साल की थी।”
उन्होंने कहा कि हालांकि उनका रिश्ता खत्म हो गया था, लेकिन दोनों के बीच अच्छे संबंध थे और बात भी करते थे। यही नहीं शीजान ने दावा किया कि तुनिषा ने इससे पहले भी आत्महत्या करने की कोशिश की थी लेकिन तब उन्होंने उसे बचा लिया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक शीजान खान ने पुलिस को बताया है कि तुनिषा शर्मा ने पहले भी खुदकुशी की कोशिश की थी लेकिन तब उन्होंने उन्हें बचा लिया था। शीजान ने कथित तौर पर दावा किया कि उन्होंने तुनिषा की मां को यह बताया था और उसका 'खास ध्यान' रखने को कहा था।
वहीं पुलिस शीजान खान द्वारा किए गए दावों की पुष्टि कर रही है। एक अन्य अधिकारी ने कहा कि पुलिस शर्मा और खान के व्हाट्सएप संदेश और कॉल रिकॉर्ड की पुष्टि कर रही है। यह पूछे जाने पर कि क्या शर्मा गर्भवती थीं, जांच दल के एक अधिकारी ने कहा कि प्रारंभिक विसरा जांच में गर्भावस्था का कोई संकेत नहीं था।
गौरतलब बात है कि वालीव पुलिस (मुंबई) ने कहा है कि वह इस मामले में कथित 'लव जिहाद' के ऐंगल की भी जांच कर रही है। इससे पहले मुंबई पुलिस के एसीपी चंद्रकांत जाधव ने कहा था कि तुनिषा मामले में फिलहाल 'लव जिहाद' का कोई ऐंगल नहीं है।