बॉक्स ऑफिस पर ठग्स ऑफ हिन्दोस्तान ने बजाया डंका, पहले दिन तोड़ा बाहुबली की कमाई का रिकॉर्ड
By जनार्दन पाण्डेय | Published: November 9, 2018 10:59 AM2018-11-09T10:59:29+5:302018-11-09T11:19:47+5:30
Thugs of Hindostan first day collections: ठग्स ऑफ हिन्दोस्तान को बनाने में यशराज फिल्म्स ने कुल 275 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। इसमें करीब 250 करोड़ रुपये फिल्म को बनाने में खर्च किया गया है, जबकि 25 करोड़ रुपये प्रिंट और फिल्म के प्रचार प्रसार में खर्च किए गए हैं।
ठग्स ऑफ हिन्दोस्तान ने पहले दिन की कमाई के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। फिल्म बॉलीवुड के इतिहास में पहले दिन सबसे ज्यादा कमाई करने का रिकार्ड आने नाम कर चुकी है। हिन्दी सिनेमा के 105 सालों के इतिहास में अब तक किसी फिल्म ने पहले दिन इतनी कमाई नहीं की थी। उम्मीद के मुताबिक ही हिन्दी सिनेमा के लीजेंड अमिताभ बच्चन और आमिर खान को पर्दे पर एक साथ देखने के लिए पहले दिन जनता टूट पड़ी।
फिल्म व्यवसाय के सटीक आंकड़े रखने वाली वेबसाइट बॉलीमूवीरिव्यूज डॉट कॉम के अनुसार ठग्स ऑफ हिन्दोस्तान को पहले करीब 65 फीसदी दर्शक मिले। इसका मतलब यह है फिल्म को जितने सिनेमाघरों में रिलीज किया गया, उसकी हर 100 में 65 सीटें भरी रहीं। इसमें सबसे खास बात यह है कि हिन्दी सिनेमा के इतिहास में यह भी पहली मर्तबे हुआ है जब किसी फिल्म को करीब 7000 स्क्रीन (वर्ल्डवाइड) पर रिलीज किया गया है।
असल में यशराज बैनर की अपनी फिल्म जगत में अपनी साख है। फिर आमिर-अमिताभ के सामने उतरने की किसी हिम्मत नहीं पड़ी। ऐसे में दिवाली के अवसर पर फिल्म को धुआंधार स्क्रीन मिली। इसकी वजह से फिल्म को जबर्दस्त नकारात्मक रिव्यू मिलने के बाद भी इसने हिन्दी भाषा में पहले दिन सबसे ज्यादा कमाई की रिकॉर्ड बनाने वाली बाहुबली 2 (41 करोड़) के रिकॉर्ड को भी पार गई।
पहले दिन ठग्स ऑफ हिन्दोस्तान की कमाई पहुंची 48-50 करोड़
बॉलीमूवीरिव्यूज के अनुसार फिल्म की पहले दिन की कमाई करीब 48-50 करोड़ रही। जानकारी के अनुसार किसी एक दिन में कमाई करने का भी यह अब तक सबसे बड़ा रिकॉर्ड है। इससे पहले संजू ने पहले रविवार को 46.7 करोड़ की कमाई की थी। जबकि बाहुबली के हिन्दी संस्करण ने पहले दिन करीब 41 करोड़ रुपये की कमााई की थी। इसके बाद पहले दिन सबसे ज्यादा कमाई का रिकॉर्ड हैप्पी न्यू ईयर (44.97 करोड़) और प्रेम रतन धन पायो (40.35 करोड़) के नाम हैं। जबकि इसी बैनर और विजय कृष्ण आचार्य की ही निर्देशित आमिर खान अभिनीत धूम 3 ने पहले दिन 36.54 करोड़ की कमाई की थी।
ठग्स ऑफ हिन्दोस्तान से पहले दिन भारत में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्में
रैंक | फिल्म का नाम | रिलीज डेट | पहले दिन की कमाई (करोड़ में) |
---|---|---|---|
1 | हैप्पी न्यू ईयर | 24 अक्टूर 2014 | 44.97 |
2 | बाहुबली 2 | 28 अप्रैल 2017 | 41.00 |
3 | प्रेम रतन धन पायो | 12 नवंबर 2015 | 40.35 |
4 | सुल्तान | 06 जुलाई 2016 | 36.54 |
5 | धूम 3 | 20 दिसंबर 2013 | 36.22 |
6 | संजू | 29 जून 2018 | 34.75 |
7 | टाइगर जिंदा है | 22 दिसंबर 2017 | 34.10 |
8 | चेन्नई एक्सप्रेस | 09 अगस्त 2013 | 33.12 |
9 | एक था टाइगर | 15 अगस्त 2012 | 32.93 |
10 | सिंघम रिटर्न्स | 15 अगस्त 2014 | 32.09 |
11 | अवेंजर्सः इफिनिटी वार | 27 अप्रैल 2018 | 31.30 |
12 | गोलमाल अगेन | 20 अक्टूबर 2017 | 30.14 |
13 | दंगल | 23 दिसंबर 2016 | 29.78 |
14 | रेस 3 | 15 जून 2018 | 28.50 |
15 | बैंग बैंग | 02 अक्टूबर 2014 | 27.54 |
16 | बजरंगी भाईजान | 17 जुलाई 2015 | 27.25 |
17 | पीके | 19 दिसंबर 2014 | 26.63 |
18 | किक | 25 जुलाई 2014 | 26.40 |
19 | कृष 3 | 01 नवंबर 2013 | 25.50 |
20 | गोल्ड | 15 अगस्त 2018 | 25.25 |
सोर्सः बॉलीवुड हंगामा डॉट कॉम
ठग्स ऑफ हिन्दोस्तान का बजट
ठग्स ऑफ हिन्दोस्तान को बनाने में यशराज फिल्म्स ने कुल 275 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। इसमें करीब 250 करोड़ रुपये फिल्म को बनाने में खर्च किया गया है, जबकि 25 करोड़ रुपये प्रिंट और फिल्म के प्रचार प्रसार में खर्च किए गए हैं।
ठग्स ऑफ हिन्दोस्तान को कितनी स्क्रीन मिली
ठग्स ऑफ हिन्दोस्तान को रिकॉर्ड स्क्रीन पर रिलीज किया गया है। फिल्म को भारत भर में 5000 (हिन्दी, तमिल और तेलगू) स्क्रीन मिली है। जबकि विदेशों में फिल्म को करीब 2000 स्क्रीन मिली है। यानी कि ठग्स ऑफ हिन्दोस्तान कुल 7000 स्क्रीन पर रिलीज की गई है।
ठग्स ऑफ हिन्दोस्तान के हिट या फ्लॉप के आंकड़े
बॉक्स ऑफ इंडिया पर दिखने वाले ट्रेंड और बॉलीवुड ट्रेड पंडिंतों के अनुसार अगर ठग्स ऑफ हिन्दोस्तान 300 करोड़ रुपये बटोरने में कामयाब हो जाती है तो इसे हिट की श्रेणी में रखा जाएगा।
पहले ही 295 करोड़ कमा चुकी है ठग्स ऑफ हिन्दोस्तान
ठग्स ऑफ हिन्दोस्तान के निर्माताओं ने फिल्म के राइट्स आदि बेचकर पहले ही फिल्म की लागत से ज्यादा पैसे निकाल लिए हैं। जानकारी के अनुसार फिल्म के सेटेलाइट राइट्स और डिजिटल राइट्स बेचकर फिल्म ने 145 करोड़ पहले ही कमा लिए थे। जबकि चीन में आमिर खान की फिल्मों की जबर्दस्त मांग को देखते हुए फिल्म ने 150 करोड़ में एक करार कर लिया है।