बिग बॉस के कंटेस्टेंट रहे स्वामी ओम का निधन, पैरालेसिस का हो गए थे शिकार
By विनीत कुमार | Published: February 3, 2021 01:40 PM2021-02-03T13:40:55+5:302021-02-03T14:06:33+5:30
स्वामी ओम का निधन हो गया है। स्वामी ओम टीवी रिएलिटी शो बिग बॉस-10 के कंटेस्टेंट रहे थे। साथ ही कई और विवाद भी उनसे जड़े थे।
बिग बॉस के एक्स कंटेस्टेंट स्वामी ओम (Swami Om) का निधन हो गया है। मिली जानकारी के अनुसार पिछले कुछ महीनों से वे बीमार चल रहे थे। करीब तीन महीने पहले उन्हें कोरोना संक्रमण भी हुआ था। हालांकि बाद में वे ठीक हो गए थे लेकिन काफी कमजोरी हो गई थी।
स्वामी ओम ने बुधवार सुबह दिल्ली-एनसीआर के लोनी स्थित DLF अंकुर विहार में अंतिम सांस ली। रिपोर्ट्स के अनुसार स्वामी ओम को करीब 15 दिन पहले पैरालेसिस भी हुआ था। इसके बाद से उनकी हालत और गंभीर हो गई थी।
स्वामी ओम का विवादों से रहा था नाता
स्वामी ओम बिग बॉस-10 के कंटेस्टेंट रहे थे। वे इस रिएलिटी शो में दूसरे महिला कंटेस्टेंट के साथ बदजुबानी के कारण विवादों में आए थे। स्वामी ओम कई और मामलों में भी विवादों में रहे थे।
बिग बॉस के बाद स्वामी ओम का एक और वीडियो वायरल हुआ था जिसमें एक लड़की बिकनी में उनके साथ दिखाई दे रही थी। वहीं, स्वामी ओम तपस्या करते नजर आ रहे थे। इस पर भी खूब विवाद हुआ। साधु-संतों के समाज ने स्वामी ओम की तब खूब आलोचना की थी।
स्वयंभू बाबा स्वामी ओम को करीब 4 साल पहले उनके भाई के द्वारा दर्ज कराए गए एक मामले में उन्हें गिरफ्तार भी किया गया था। उनके भाई ने उन पर दुकान से साइकिलें और कुछ दस्तावेज चुराने का आरोप लगाया था। साल 2019 में स्वामी ओम ने लोकसभा चुनाव लड़ने की भी घोषणा की थी।