ऋषि कपूर 2020 में ही आलिया-रणबीर की शादी कराना चाहते थे, अब उनका सपना पूरा हो रहा हैः सुभाष घई
By अनिल शर्मा | Published: April 12, 2022 11:03 AM2022-04-12T11:03:44+5:302022-04-12T11:08:25+5:30
फिल्ममेकर ने सुभाष घई ने बताया कि ऋषि कपूर ने उनसे कहा था कि वह आलिया और रणबीर की शादी की योजना बना रहे हैं।
बॉलीवुड अभिनेता रणबीर कपूर और आलिया भट्ट इस हफ्ते मुंबई में शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। इस खबर से उनके फैंस और फॉलोअर्स काफी खुश हैं। इस बीच दिग्गज फिल्म निर्माता सुभाष घई ने ऋषि कपूर के सपने को लेकर खुलासा किया है। ऋषि कपूर के खास दोस्त रहे सुभाष घई इस बात से खुश हैं कि आखिरकार आलिया और रणबीर शादी कर रहे हैं।
बॉम्बे टाइम्स को दिए साक्षात्कार के दौरान घई भावुक हो गए और आलिया और रणबीर के सुखी वैवाहिक जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि जनवरी 2020 में जब वह एक कार्यक्रम के लिए ऋषि कपूर से मिलने उनके घर गए थे तो अच्छे दोस्त के तौर पर उनकी लंबी बातचीत हुई। घई ने साझा किया कि ऋषि कपूर को यह बताते हुए खुशी हुई कि वे दिसंबर 2020 में रणबीर की आलिया के साथ शादी की बड़े पैमाने पर योजना बना रहे थे। फिल्म निर्माता ने कहा कि वह खुश हैं कि रणबीर और आलिया आखिरकार ऋषि कपूर के सपने को पूरा कर रहे हैं।
कई मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो आरके हाउस में आलिया और रणबीर कपूर सात फेरे लेंगे। यहां 4 दिन तक शादी का कार्यक्रम चलेगा। रणबीर के माता-पिता, दिवंगत अभिनेता ऋषि कपूर और अनुभवी स्टार नीतू कपूर ने भी 1980 में आरके स्टूडियो में ही शादी के बंधन में बंधे थे। समारोह मेहंदी के साथ शुरू होगा और उसके बाद अगले दिन संगीत समारोह और अंत में शादी होगी।
आलिया भट्ट के सौतेले भाई राहुल भट्ट ने कहा कि शादी में सिर्फ 28 लोग ही शामिल होंगे जो परिवार के ही लोग होंगे। शादी को साधारण रखा गया है। शादी के बाद अप्रैल के अंत में रणबीर और आलिया अपने दोस्तों और फिल्म उद्योग से जुड़ी हस्तियों के लिए रिसेप्शन पार्टी करेंगे।