फैंस को बड़ा झटका, Coronavirus के कारण बदल सकती है 'सूर्यवंशी' और '83' की रिलीज डेट
By अमित कुमार | Published: March 9, 2020 04:47 PM2020-03-09T16:47:30+5:302020-03-09T16:47:30+5:30
फैंस लंबे अर्से से इस फिल्म का इंतजार कर रहे हैं। ऐसे में अगर फिल्म की रिलीज डेट को बढ़ाया जाता है तो फैंस को इससे निराशा हो सकती है।
देश और दुनिया में कोरोना वायरस को लेकर खौफ का माहौल है। इस वायरस की वजह से लोग अपने कई कामों को तय समय पर नहीं कर पा रहे हैं। इन दिनों आम आदमी से लेकर बॉलीवुड सेलेब्स तक अपने कामों को पोस्टपोन कर रहे हैं। ऐसे में अब खबर आ रही है कि अक्षय कुमार, कैटरीना कैफ की फिल्म 'सूर्यवंशी' की रिलीज डेट आगे की जा सकती है।
फैंस लंबे अर्से से इस फिल्म का इंतजार कर रहे हैं। ऐसे में अगर फिल्म की रिलीज डेट को बढ़ाया जाता है तो फैंस को इससे निराशा हो सकती है। 'सूर्यवंशी' के अलावा रणवीर सिंह की कपिल देव पर बनाई गई बायोपिक फिल्म 83 के डेट को भी बदला जा सकता है। 83 को 10 अप्रैल को रिलीज किया जाना था, लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए इसे और आगे बढ़ाया जा सकता है।
कोरोना वायरस की वजह से कुछ फिल्मों की शूटिंग भी रोक दी गई है। बता दें कि महाराष्ट्र के सिनेमाघरों में चौबीसों घंटे फिल्में दिखाए जाने की अनुमति देने के राज्य सरकार के फैसले के बाद फिल्मकार रोहित शेट्टी ने अपनी फिल्म 'सूर्यवंशी' को पहले निर्धारित 27 मार्च से तीन दिन पहले 24 मार्च को रिलीज करने का निर्णय किया था।
फिल्म पहले 27 मार्च को रिलीज होने वाली थी जिसमें अक्षय कुमार एक पुलिसकर्मी की भूमिका में नजर आएंगे और कटरीना कैफ भी इसमें नजर आएंगी। फिल्म में अजय देवगन और रणवीर सिंह भी दिखाई देंगे। यह अक्षय कुमार और रोहित शेट्टी की पहली फिल्म है। पुलिस की दुनिया पर बनी उनकी पहले की फिल्मों में अजय देवगन (सिंघम) और रणवीर सिंह (सिम्बा) काम कर चुके हैं।