कनिका कपूर की तीसरी Coronavirus टेस्ट रिपोर्ट भी आई पॉजिटिव, हालत स्थिर
By ऐश्वर्य अवस्थी | Published: March 25, 2020 02:55 PM2020-03-25T14:55:16+5:302020-03-25T14:59:20+5:30
कनिका कपूर के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने पर उनके रिश्तेदारों ने सवाल उठाए थे। जिसके बाद उनकी दोबारा जांच हुई थी, जिसमें भी वो पॉजिटिव पाई गई थीं
कनिका कपूर (Kanika Kapoor) को लेकर हाल ही में बड़ी खबर आई है। हाल ही में उनका तीसरा मेडिकल टेस्ट हुआ है जो कि पॉजिटिव आया है। इससे पहले दूसरे टेस्ट में भी सिंगर पॉजिटिव पाई गई थीं। कनिका फिलहाल अस्पताल में भर्ती हैं। कनिका कपूर का इलाज लखनऊ के एसजीपीजीआई (SGPGI) में चल रहा है।
फिलहाल सिंगर की हालत स्थिर बनी हुई है। इससे पहले कनिका कपूर के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने पर उनके रिश्तेदारों ने सवाल उठाए थे, जिसके बाद उनकी दोबारा फिर से जांच हुई थी, जिसमें भी वह पॉजिटिव पाई गई थीं। ऐसे में तीसरी जांच में भी सिंगर पॉजिटिव आई हैं।
पिंकविला की खबर के अनुसार कनिका के एक दोस्त ने कहा है कि मैंने अपना कोरोनावायरस टेस्ट मुंबई के कस्तूरबा हॉस्पिटल में कराया था जो नेगिटिव आया है। वहीं,कनिका कपूर के अलावा उनके संपर्क में आए 262 लोगों में से 60 लोगों की मेडिकल रिपोर्ट निगेटिव आई है।
कनिका की सेहत स्थिर है और अब पुलिस उन सभी लोगों को ट्रेस करने में कर रही है जो कनिका से संपर्क में आए थे। कनिका लंदन (London) से भारत आई थी जिसके बाद वो कई सारे लोगों से मिली थी और उनके साथ मिलकर पार्टी भी की थी।
कोरोना संक्रमित होने के बाद भी लापरवाही करने के कारण कनिका मुसीबत में भी फंस गई हैं। लखनऊ पुलिस (Lucknow Police) ने एक एफआईआर (FIR) भी दर्ज कराई है। सिंगर पर आईपीसी की धारा 188, 269 और 270 के तहत मामला दर्ज कराया गया है।
साथ ही कनिका ने हाल ही में अस्पताल पर आरोप लगाया था कि वह उनकी ठीक से देखभाल नहीं कर रहे हैं। इस पर अस्पताल की ओर से जवाब आया कि कनिका का खास ख्याल रखा जा रहा है। उनका खास तौर पर ध्यान रखा जा रहा है जबकि सिंगर ही मरीज की तरह के विहेव नहीं कर रही हैं।