ट्रक की चपेट में आने के बाद गायक अल्फाज की हालत नाजुक, ICU में हैं सिंगर, हनी सिंह ने लोगों से की ये अपील
By अनिल शर्मा | Published: October 3, 2022 12:27 PM2022-10-03T12:27:29+5:302022-10-03T12:36:42+5:30
पुलिस ने बताया कि ढाबे के मालिक के साथ रुपयों को लेकर विवाद के बाद पूर्व कर्मचारी ने ढाबे का टेंपो ट्रक चुराने की कोशिश की और वाहन के पीछे खड़े अल्फाज को नहीं देखा जिसके बाद ये हादसा हुआ।
चंडीगढ़ः गायक हनी सिंह ने सोमवार को इंस्टाग्राम पोस्ट में बताया कि शनिवार रात टेंपो ट्रक की चपेट में आए पंजाबी गायकअमनजोत सिंह पन्नू उर्फ 'अल्फाज' अभी भी आईसीयू में हैं और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। हनी सिंह ने प्रशंसकों से गायक के लिए प्रार्थना करने की अपील की है। अल्फाज मोहाली के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती हैं।
इंस्टाग्राम के पोस्ट में हनी सिंह ने लिखा, 'अल्फाज से मिलने हॉस्पिटल आया था। वह अभी भी ICU में है और उसकी हालत गंभीर है। उसके लिए दुआ कीजिए।' कैप्शन में हनी सिंह ने लिखा- मेरे भाई के लिए प्रार्थना करना।
पुलिस के मुताबिक, शनिवार रात मोहाली (पंजाब) में एक ढाबे के बाहर खड़े पंजाबी गायक अल्फाज को रिवर्स आ रहे टेंपो ट्रक ने टक्कर मार दी थी जिसमें गायक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि ढाबे के मालिक के साथ रुपयों को लेकर विवाद के बाद पूर्व कर्मचारी ने ढाबे का टेंपो ट्रक चुराने की कोशिश की और वाहन के पीछे खड़े अल्फाज को नहीं देखा जिसके बाद ये हादसा हुआ।
हनी सिंह ने इससे पहले बताया कि मोहाली पुलिस ने हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया है। हनी सिंह ने लिखा- पुलिस का शुक्रिया, जिन्होंने अल्फाज को टेंपो से मारने वाले आरोपियों को गिरफ्तार किया। हनी सिंह और अल्फाज कई बार साथ में काम कर चुके हैं। अल्फाज 'हाय मेरा दिल' समेत कई पंजाबी गाने गा चुके हैं।