Bedhadak: सामने आया शनाया कपूर की पहली फिल्म का पोस्टर, जानिए किन नए चेहरों को लांच कर रहे करण जौहर
By मनाली रस्तोगी | Published: March 3, 2022 12:32 PM2022-03-03T12:32:53+5:302022-03-03T12:34:40+5:30
बॉलीवुड एक्टर संजय कपूर की बेटी शनाया कपूर की पहली फिल्म 'बेधड़क' का पहला पोस्टर सामने आया है, जिसमें करण जौहर के धर्मा प्रोडक्शन ने शनाया के अलावा दो नए चेहरों को इंट्रोड्यूज किया है।
मुंबई: बॉलीवुड एक्टर संजय कपूर और महीप कपूर की बेटी शनाया कपूर जल्द ही एक्टिंग की दुनिया में कदम रखने वाली हैं। करण जौहर के धर्मा प्रोडक्शन की अगली फिल्म 'बेधड़क' का पहला पोस्टर सामने आया है, जिसमें तीन नए चेहरों को फैंस से इंट्रोड्यूज किया है। बता दें कि इस अपकमिंग फिल्म को शशांक खेतान निर्देशित कर रहे हैं, जिसमें शनाया कपूर के अलावा लक्ष्य लालवानी और गुरफतेह पीरजादा भी बॉलीवुड डेब्यू करने वाले हैं।
फिलहाल, फिल्म के पहले पोस्टर को करण जौहर के अलावा शनाया ने भी अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है। ऐसे में फैंस शनाया को बड़े पर्दे पर देखने के लिए काफी उत्सुक हैं। बता दें कि शनाया कपूर ने सोशल मीडिया पर दो पोस्टर शेयर किए हैं, जिसपर फैंस लगातार कमेंट्स कर रहे हैं। बताते चलें कि एक्टिंग से पहले शनाया कपूर साल 2020 में आई नेटफ्लिक्स फिल्म 'गुंजन सक्सेना: द कारगिल गर्ल' में बतौर सहायक निर्देशक काम कर चुकी हैं।
खास बात ये है कि इस फिल्म में लीड एक्ट्रेस शनाया की बड़ी बहन और बोनी कपूर की बेटी जान्हवी कपूर थीं। जान्हवी कपूर को भी धर्मा प्रोडक्शंस ने बॉलीवुड में लांच किया था। यही नहीं, उनकी पहली फिल्म का निर्देशन भी शशांक खेतान ने किया था। मालूम हो, शनाया बेहद पॉपुलर स्टार किड रही हैं। अक्सर ही चर्चा का विषय रहने वाली शनाया कपूर अब जल्द ही फिल्म इंडस्ट्री में एंट्री करने वाली हैं, जिसको लेकर फैंस के साथ उनके घरवाले भी उत्साहित हैं।