शाहरुख खान की डंकी का पहला गाना 'लुट पुट गया' रिलीज हुआ, 1 घंटे में ही मिले लाखों व्यूज
By शिवेन्द्र कुमार राय | Published: November 22, 2023 03:44 PM2023-11-22T15:44:29+5:302023-11-22T15:46:00+5:30
गाने में शाहरुख का किरदार हार्डी, तापसी के किरदार मनु के प्यार में पागल नजर आ रहा है। गाने में हार्डी अपने गाँव के चारों ओर नृत्य करते हुए मनु के प्रति अपने प्यार का इजहार कर रहा है।
Dunki song Lutt Putt Gaya: शाहरुख खान के प्रशंसकों के लिए खुशखबरी है। उनकी आगामी फिल्म डंकी का पहला गाना अब रिलीज हो गया है। 'डंकी' के गाने "लुट्ट पुट गया" ने रीलिज होते ही तहलका मचा दिया है। यह गाना शाहरूख खान और फिल्म में उनकी प्रेमिका बनी तापसी पन्नू पर फिल्माया गया है। अरिजीत सिंह द्वारा गाए गए और प्रीतम द्वारा रचित इस गाने के बोल स्वानंद किरकिरे और आईपी सिंह के हैं।
गाने में शाहरुख का किरदार हार्डी, तापसी के किरदार मनु के प्यार में पागल नजर आ रहा है। गाने में हार्डी अपने गाँव के चारों ओर नृत्य करते हुए मनु के प्रति अपने प्यार का इजहार कर रहा है। कोरियोग्राफर गणेश आचार्य ने शाहरुख को कुछ असामान्य डांस स्टेप्स दिए हैं। इस गाने में शाहरूख अपनी चिर-परिचित शैली से थोड़ा अलग दिखे हैं।
गाने का ऑडियो आपको प्रभावित कर सकता है। गाने का आखिरी शॉट जिसमें मनु एक गुरुद्वारे में प्रार्थना कर रही है और प्रार्थना करते समय प्यार से हार्डी मनु को घूर रहा है, गाने का मुख्य आकर्षण है। शाहरूख इस गाने में कई अलग-अलग लुक और कपड़ों में नजर आए हैं। तापसी गाने में चारा मशीन चलाते और अखाड़े में शाहरूख से भिड़ते भी दिखी हैं।
बता दें कि शाहरुख की पिछली दो फिल्में पठान और जवान ने बॉक्स ऑफिस पर सफलता के झंडे गाड़े। चार साल के लंबे अंतराल के बाद सिल्वर स्क्रीन पर लौटे शाहरुख ने पहले पठान और फिर जवान से लोगों का भरपूर मनोरंजन किया। अब साल के अंत में एक बार फिर किंग खान अपना जादू दिखाने को तैयार हैं। हालांकि पठान और जवान एक्शन से भरपूर थीं लेकिन डंकी पूरी तरह से "मजाकिया और भावनात्मक" है।इसमें शाहरुख कॉमेडी, डांस और रोमांस करते नजर आएंगे। फिल्म में बोमन ईरानी और विक्की कौशल ने भी अभिनय किया है। डंकी 21 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।