ट्रोल का मुंहतोड़ जवाबः 'हां, मैंने बिकिनी पहनी है, आपको बुरा लग रहा है तो मेरा फोटो स्क्रोल कर दीजिए'

By असीम चक्रवर्ती | Published: September 2, 2018 10:13 AM2018-09-02T10:13:16+5:302018-09-02T10:13:16+5:30

कुछ सितारे अब लड़ने के मूड में आ चुके हैं। शाहरुख खान, ऋचा चड्ढा, नेहा कक्कड़, स्वरा भास्कर सहित ऐसे कई कलाकार ट्रोलिंग का मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं। आइए, विस्तार से जानते हैं...

Shahrukh Khan, Richa Chadha, Neha Kakkar, Swara Bhaskar reactions on social media troll | ट्रोल का मुंहतोड़ जवाबः 'हां, मैंने बिकिनी पहनी है, आपको बुरा लग रहा है तो मेरा फोटो स्क्रोल कर दीजिए'

फाइल फोटो

हाल ही में शाहरुख खान की बेटी सुहाना खान ने अपनी कुछ ग्लैमरस तस्वीरें पोस्ट की। बात इतनी-सी थी, पर इसके बाद सोशल मीडिया पर उसकी ट्रोलिंग शुरू हो गई। फिर जब खुद सुहाना ने अपने एक पोस्ट में इसका मुंहतोड़ जवाब दिया तो बात जल्द खत्म हो गई। असल में एक अरसे से सोशल मीडिया पर सेलेब्स को तरह-तरह की ट्रोलिंग का सामना करना पड़ रहा है। जाहिर है इस वजह से सेलेब्स खासे परेशान भी हैं। किसी बात पर जैसे ही वे कुछ कमेंट करते हैं, ट्रोल हो जाते हैं। पर कुछ सितारे अब लड़ने के मूड में आ चुके हैं। शाहरुख खान, ऋचा चड्ढा, नेहा कक्कड़, स्वरा भास्कर सहित ऐसे कई कलाकार ट्रोलिंग का मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं। आइए, विस्तार से जानते हैं...

फिर ट्रोल हुर्इं अनुष्का

अनुष्का शर्मा अक्सर ही वह अपने किसी वक्तव्य या हरकत की वजह से सोशल मीडिया में ट्रोल होती रहती हैं। अभी कुछ दिनों पहले स्वच्छता को लेकर एक व्यक्ति से उनका काफी विवाद हुआ था। यह किस्सा सर्वविदित है। कई बार पति विराट कोहली की वजह से भी उन्हें ट्रोल किया जाता है, जो बहुत गलत है। ऐसे सारे ट्रोल का अनुष्का समुचित जवाब देती हैं। कई बार अपनी गलतियों की वजह से भी अनुष्का खूब ट्रोल होती हैं। जैसे कि हाल ही में टीम इंडिया के ग्रुप फोटो में वह खुद नजर आई थीं। इस वजह से भी उन्हें खूब ट्रोल किया गया।

सुहाना का कसूर क्या था

शाहरुख खान की बेटी सुहाना की गलती सिर्फ इतनी-सी थी कि उसने एक मैगजीन के कवर पेज के लिए ग्लैमरस तस्वीरें खिंचवाई। इसके बाद उनका ट्रोल होना शुरू हुआ था, तो उन्होंने भी संक्षिप्त में जवाब देना शुरू किया। उन्होंने पोस्ट किया, ‘‘मुझे अपने काम पर कोई अफसोस नहीं है। यह उनका अपना प्राब्लम है।’’ हालांकि उनकी ट्रोलिंग अब भी जारी है। वैसे सुहाना यदि ग्लैमर वर्ल्ड में आने के लिए इस तरह का काम कर रही हैं तो इसमें गलत क्या है। सुहाना की गलती सिर्फ इतनी है कि वह एक सेलिब्रिटी की बेटी हंै और उन्हें यह सब बहुत आसानी से मिल रहा है।

ट्रोलिंग के बादशाह हैं कमाल

कमाल आर खान यानी कि केआरके की सारे स्टार उपेक्षा करते हैं। खास तौर से इस सज्जन की शाहरुख के साथ बिल्कुल नहीं बनती है। कई बार इन्होंने शाहरुख का नाम लेकर गलत बयानबाजी की है, जिस पर शाहरुख ने लिखा था, ‘‘जो लोग मेरे नाम की नकल करके ट्वीट, पोस्ट कर रहे हैं, उनसे मेरा सिर्फ इतना कहना है कि आप अपनी ट्विटर की स्पेलिंग से भी ज्यादा निकृष्ट हैं। मैं उनसे यह बात बहुत दया याचना के साथ कह रहा हंू।’’ वैसे सोशल मीडिया पर कमाल खान खासे बदनाम हैं। सिर्फ किग खान ही नहीं, बल्कि आलिया भट्ट, सिद्घार्थ मल्होत्रा, सोनाक्षी सिन्हा जैसे कई सितारों के साथ उनका सोशल मीडिया पर पंगा हो चुका है। आलिया के बारे में तो उन्होंने यहां तक लिखा था कि आलिया को बिकिनी पहनकर कोई शूट नहीं करना चाहिए, वह नजर नहीं आती हैं। इस पर सिद्घार्थ ने उनकी खूब क्लास ली थी। इसी तरह के उनके एक ट्वीट से नाराज होकर सोनाक्षी ने यहां तक कहा था कि कमाल को उल्टा करके पेड़ पर लटका कर चांटे जड़ने चाहिए। इसके बाद भी कमाल सुधरे नहीं।

स्टाइल पर भी सवाल

सच तो है कि फैशन को समझने के लिए बेहद खुलेपन की जरूरत होती है।  लेकिन ऐसे ही एक फोटोशूट के बाद दीपिका पादुकोण को तरह-तरह की बातें सुननी पड़ी हैं। ईशा गुप्ता को भी यह सुनना पड़ता है कि उनका रंग सांवला है। इसी तरह प्रियंका चोपड़ा के फैशन स्टाइल को आउट डेटेड कहा जाता है। उनके आर्म पिट को लेकर भी काफी सवाल पूछे जा चुके हैं। प्रियंका भी बिल्कुल हार मानने वाली लड़की नहीं हैं। उन्होंने अपने ट्रोलर्स को जवाब देते हुए एक दिन अपने मैनहैटन के बरामदे में खड़े होकर अपना बिना मेक-अप वाला फोटो खिंचवा कर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। चूंकि थोड़ा बोलने पर बात पूरी नहीं होती है, इसलिए हाथ उठाकर और बगले दिखा कर उन्होंने यह तस्वीर खिंचवाई थी। अब यह कहना गैरजरूरी है कि उस तस्वीर में उनके दोनों आर्मपिट एकदम साफ दिख रहे थे। इसमें उनका ट्वीट बहुत तीक्ष्ण था, ‘‘और पिट स्टेपिंग तस्वीर पोस्ट कर रही हूं। ताकि यह विवाद आगे भी चलता रहे।’’ इसके बाद के हैशटैग काफी मजेदार थे। काफी लोगों ने खुले मन से हंसते हुए प्रियंका की बेबाकी की तारीफ की थी।

राजनीति पर विवाद

राजनीति एक ऐसा विषय है, जिस पर बहुत कम सितारे ही ट्वीट करना पसंद करते हैं। जैसे कि शाहरुख से एक बार पूछा गया कि फैशन और दूसरे विषय पर वह अक्सर बोलते रहते हैं लेकिन रोहिंग्या, कश्मीर या बंगाल के दंगों पर वह कुछ नहीं बोलते हैं। शाहरुख ठहरे ठंडे दिमाग के व्यक्ति। वह विवादों से दूर ही रहना चाहते हैं। इसलिए उन्होंने बहुत संतुलित जवाब दिया, ‘‘मैं आपके इस पोस्ट का जवाब देता, पर मैंने देखा कि आपने बहुत फैशनेबल कपड़े पहन रखे हैं इसलिए़।’’ लेकिन ट्रोल करनेवाले भी कम नहीं हैं। भारतीय संस्कृति और राजनीति पर वह स्टार की प्रतिक्रिया जानने के लिए बेताब रहते हैं। एक बार नेहा धूपिया ने जैसे ही बिकिनी पहनकर अपनी कुछ तस्वीरें पोस्ट की, भारतीय संस्कृति की दुहाई देकर उन्हें ट्रोल किया जाने लगा, पर नेहा ने हार नहीं मानी। उन्होंने फिर बिकिनी पहनी और तस्वीर पोस्ट की, ‘‘हां, मैंने बिकिनी पहनी है। पूरे विश्व में ढेरों महिलाएं इस तरह की ड्रेस पहनकर समुद्र किनारे घुमती रहती हैं। मुझे भी बहुत अच्छा लगता है। आपको बुरा लग रहा है तो मेरा फोटो स्क्रोल कर दीजिए।’’

ऋचा चड्ढा भी घिर गर्इं

एक बार अभिनेत्री ऋचा चड्ढा ने कह दिया, ‘‘उत्तर भारत के साथ तमिलों का नहीं पाकिस्तान का ज्यादा मेल है।’’ इस पर जब उन्हें ट्रोल किया जाने लगा तो उनका जवाब था, ‘‘मैं तमिल लोगों से इतना प्यार करती हूं कि उनकी भाषा मैं पढ़ और लिख सकती हूं, पर इससे आपका क्या। बस आप ट्रोल करते रहिए।’’  उन्हें तरह-तरह की धमकी मिलने लगी। तब ऋचा ने ट्विटर के अधिकारियों से अनुरोध किया यह सब बंद होना चाहिए।

स्वरा भास्कर भी नहीं बचीं

किन-किन सितारों का जिक्र करें। कुछ दिनों पहले स्वरा भास्कर काफी दुविधाजनक स्थिति में आ गई थीं। ‘वीरे दी वेडिंग’ में एक बोल्ड सीन करके उन्होंने सबको चौंका दिया था। बस, इसके बाद से वह सोशल मीडिया पर कई तरह के सवालों से घिर गई। एक व्यक्ति यह फिल्म अपनी दादी के साथ देखने गया था। फिल्म देखने के बाद दादी ने कहा, ‘‘वह हिंदुस्तानी है और हिंदुस्तानी संस्कृति में ऐसी बातों की कोई गुंजाइश नहीं है।’’ फिर क्या था, एक के बाद एक ट्रोल आने लगे। कोई दादी तो कोई अपनी नानी के साथ फिल्म देखने के बाद बेहद शर्मिंदा हुआ। अब सवाल यह उठता है कि एक वयस्कों की फिल्म में क्या हो सकता है, इसे सभी जानते हैं। इसलिए अंतत: खुद स्वरा ने ट्वीट किया, ‘‘मुझे लगता है कि कोई एक विशेष आईटी सेल दादी-नानी को ले जाने के लिए अलग से टिकट काटकर दे रहा है। लगता है ट्वीट करने के लिए भी खर्चा-पानी मिल रहा है।’’ अब यह अलग चर्चा का विषय है कि आज के स्टार मनोरंजन का मतलब ऐसी सस्ती चीजों को समझ बैठे हैं, पर एक बात तो माननी पड़ेगी, सितारे अब पुरानी सारी परंपरा को तोड़कर वार करने लगे हैं। इसलिए अब कुछ भी कहकर आप आगे नहीं निकल सकते हैं। ठीक भी है सेलिब्रिटी भी आखिर इंसान ही हैं। वे हमेशा हमें खुश करने के लिए नहीं बैठे हैं। यदि आप उन्हें पसंद नहीं करते हैं तो उन्हें नजरअंदाज कीजिए।

Web Title: Shahrukh Khan, Richa Chadha, Neha Kakkar, Swara Bhaskar reactions on social media troll

बॉलीवुड चुस्की से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे