शोएब मलिक की लाइव चैट पर सानिया मिर्जा ने किया खुलासा, बताया अक्षय कुमार से करना चाहती थीं शादी
By मनाली रस्तोगी | Published: July 5, 2020 02:46 PM2020-07-05T14:46:26+5:302020-07-05T14:46:26+5:30
भारत की स्टार टेनिस खिलाड़ी सानिया मिर्जा (Sania Mirza) ने अपने पति क्रिकेटर शोएब मलिक (Shoaib Malik) के लाइव शो में बताया कि उन्हें अक्षय कुमार काफी पसंद हैं और वो उनसे शादी करना चाहती थीं।
पाकिस्तानी क्रिकेटर शोएब मलिक (Shoaib Malik) और भारत की स्टार टेनिस खिलाड़ी सानिया मिर्जा (Sania Mirza) अक्सर ही चर्चा का विषय बने रहते हैं। इस बार भी ये स्टार कपल सुर्खियां बटोर रहा है। दरअसल, शोएब अपनी पत्नी सानिया के साथ इंस्टाग्राम पर लाइव चैट करते हुए नजर आए। इस दौरान दोनों ने काफी सारी मस्ती की। साथ ही, दोनों ने फैंस के साथ कई बातें भी शेयर कीं।
सानिया मिर्जा को पसंद हैं बाबर आजम
लाइव चैट के दौरान सानिया मिर्जा ने शोएब को बताया कि पाकिस्तानी क्रिकेटरों में उन्हें बाबर आजम (Babar Azam) पसंद हैं। यही नहीं, सानिया ने ये खुलासा किया कि पाकिस्तानी क्रिकेटरों में से इमाम-उल-हक उनके सबसे अच्छे दोस्त हैं। मालूम हो, लाइव चैट के दौरान दोनों एक-दूसरे की टांग खिंचाई करते हुए नजर आए।
फिल्म 'मोहरा' के समय से अक्षय कुमार को पसंद कर रही हैं सानिया
वहीं, सानिया ये भी कहती हुई नजर आईं कि उन्हें अक्षय कुमार (Akshay Kumar) काफी पसंद हैं। अपनी बात को जारी रखते हुए सानिया ने कहा कि वो अक्षय कुमार से शादी करना चाहती थीं और उन्हें उनकी फिल्म 'मोहरा' के समय से पसंद कर रही हैं। बता दें, शोएब ने सानिया से सवाल किया था कि आप टॉम क्रुज और अक्षय में से किससे शादी करना चाहती हैं? इसपर सानिया ने अक्षय का नाम लिया था।