बॉलीवुड एक्ट्रेस रिया चक्रवर्ती (Rhea Chakraborty) और उनके परिवार के सदस्यों सहित छह अन्य के खिलाफ सुशांत सिंह राजपूत (Sushant Singh Rajput) के पिता केके सिंह ने पटना के राजीव नगर थाना में एफआईआर दर्ज कराई है। इसी के साथ उन्होंने एक्ट्रेस पर कई संगीन आरोप भी लगाए। फिलहाल, बिहार पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है। यही नहीं, बिहार पुलिस मामले की जांच करने के लिए मुंबई भी पहुंची।
रिया के वकील ने दी जानकारी
वहीं, सवालों के घेरे में आने वालीं रिया चक्रवर्ती के वकील वकील सतीश मानशिंदे ने बताया कि एक्ट्रेस ने सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) में एक याचिका दायर की है। इसमें उन्होंने सुशांत सिंह राजपूत सुसाइड केस को पटना से मुंबई ट्रांसफर करने की मांग की है। बता दें, दिवंगत अभिनेता के पिता केके सिंह ने पटना शहर के राजीव नगर थाना में भारतीय दंड संहिता की धारा 306, 341, 342, 380, 406 और 420 के तहत रिया के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
सुशांत के पिता ने लगाए कई आरोप
उल्लेखनीय है कि 34 वर्षीय सुशांत का शव 14 जून को मुंबई के बांद्रा स्थित उनके अपार्टमेंट से मिला था। वहीं, मामला दर्ज कराते हुए सुशांत के पिता ने रिया पर कई आरोप लगाए। उनका कहना है कि रिया, उसके परिजनों और सहयोगी कर्मचारियों ने षड्यंत्र के तहत उनके बेटे के साथ धोखाधड़ी और बेईमानी की। उसे काफी समय तक बंधक बनाकर रखा और अपने आर्थिक लाभ के लिए उसपर दबाव डालकर उसका इस्तेमाल किया और अंत में सुशांत को आत्महत्या करने के लिए मजबूर किया।
नहीं थी कोई मानसिक परेशानी
उन्होंने अपनी शिकायत में कहा, 'साल 2019 के पहले मेरे बेटे सुशांत को कोई मानसिक परेशानी नहीं थी। रिया के संपर्क में आने के बाद ऐसा क्या हुआ कि उसे ऐसा दिक्कत आयी, इसकी जांच होनी चाहिए। मेरा बेटा फिल्मी दुनिया छोड़कर केरल में जैविक (ऑर्गेनिक) खेती का व्यवसाय करना चाहता था। लेकिन रिया ने इसका विरोध किया और उसे धमकाया था कि अगर उसने ऐसा किया तो वह उसके इलाज की रिर्पोट सार्वजनिक कर देगी।'
लगा पैसे ट्रांसफर करने का आरोप
उन्होंने ये भी आरोप लगाए हैं, 'रिया, सुशांत के साथ रहा करती थी। आठ जून को वह उसके घर से नकदी, लैपटॉप, एटीएम कार्ड, जेवरात, काफी सामान और इलाज के कागजात सहित अन्य दस्तावेज चली गई थी।' सुशांत के पिता ने आरोप लगाया है कि उनके पुत्र के बैंक खाते से कम से कम 15 करोड़ रुपये अज्ञात खाते में स्थानांतरित किए गए हैं।