राजू साप्ते आत्महत्या मामला: सुसाइड से पहले लेबर यूनियन पर साप्ते ने लगाया था गंभीर आरोप, शीर्ष अधिकारियों संग महाराष्ट्र के गृहमंत्री करेंगे बैठक
By अनिल शर्मा | Published: July 6, 2021 05:14 PM2021-07-06T17:14:36+5:302021-07-06T17:24:50+5:30
पुलिस ने इस संबंध में आत्महत्या का मामला दर्ज किया है। वलसे ने निचले सदन को बताया कि उन्होंने पुणे और पिंपरी-चिंचवाड़ के पुलिस आयुक्तों से बात की थी और मुंबई पुलिस को निर्देश दिया था कि फिल्म उद्योग में इस प्रकार की ''फिरौती की घटनाओं'' को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
महाराष्ट्र के गृह मंत्री दिलीप वलसे पाटिल ने मंगलवार को विधानसभा को बताया कि वह मराठी फिल्म एवं टीवी कला निर्देशक राजू साप्ते आत्महत्या मामले में बुधवार को शीर्ष सरकारी अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। पुलिस के अनुसार ''अंबट गोड'' और ''मान्या द वंडर बॉय'' जैसी फिल्मों के कला निर्देशक रहे साप्ते ने कथित रूप से श्रम यूनियन से जुड़े व्यक्ति द्वारा तंग किये जाने के बाद तीन जुलाई को पिंपरी चिंचवाड़ में अपने घर में आत्महत्या कर ली थी।
पुलिस ने इस संबंध में आत्महत्या का मामला दर्ज किया है। वलसे ने निचले सदन को बताया कि उन्होंने पुणे और पिंपरी-चिंचवाड़ के पुलिस आयुक्तों से बात की थी और मुंबई पुलिस को निर्देश दिया था कि फिल्म उद्योग में इस प्रकार की ''फिरौती की घटनाओं'' को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा, ''मैंने इस मुद्दे पर चर्चा के लिये कल एसीएस (गृह), डीजीपी और अन्य अधिकारियों की बैठक बुलाई है।''
आत्महत्या से पहले साप्ते ने एक वीडियो शूट किया था, जिसमें उन्होंने एक व्यक्ति का नाम लेते हुए दावा किया था कि वह उन्हें तंग कर रहा है। पुलिस ने कहा कि उसने वीडियो क्लिप और सुसाइट नोटिस बरामद कर लिया है। वीडियो में उन्होंने आत्महत्या करने के पीछे की वजह बताई थी। वीडियो में राजू साप्ते कहते नजर आए थे, नमस्कार मेरा नाम राजू साप्ते है। मैं आर्ट डायरेक्टर हूं। मैंने यह फैसला सोच समझ कर लिया है। मेरे इस कठोर कदम उठाने के पीछे राकेश मौर्या नाम का शख्स है। जो लेबर यूनियन का सदस्य है। ये शख्स मुझे बहुत परेशान कर रहा है। मेरे पेमेंट में बार-बार देरी की जा रही थी। मैंने इसकी शिकायत भी की लेकिन कोई फर्क नहीं पड़ा।