लोगों के सिर से उतरा 'रेस 3' का बुखार, सोमवार के दिन हुई सिर्फ इतनी कमाई
By लोकमत समाचार हिंदी ब्यूरो | Published: June 19, 2018 03:13 PM2018-06-19T15:13:39+5:302018-06-19T15:16:34+5:30
'रेस 3' में सुपरस्टार सलमान खान, जैकलिन फर्नांडीस, अनिल कपूर, डेजी शाह, बॉबी देओल और साकिब सलीम हैं।
मुंबई, 19 जून: रेमो डिसूजा के डायरेक्शन में बनी सलमान खान स्टारर फिल्म 'रेस 3' 15 जून को रिलीज हो चुकी है। ईद के मौके पर रिलीज हुई भाईजान की रेस को फैन्स और क्रिटिक्स ने अच्छे रिव्यू नहीं दिए हैं लेकिन इसके बावजूद रेस 3 बॉक्स ऑफिस पर लगातार कमाई कर रही है। फिल्म की कुल कमाई 120 करोड़ से ज्यादा की हो चुकी है।
फिल्म ने अपने पहले दिन 29.17 करोड़ की कमाई की, इसी के साथ ही रेस 3 साल 2018 की पहले दिन सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म भी बन गई।
दूसरे दिन यानी शनिवार को फिल्म ने अपने कमाई में इजाफा करते हुए 38. 16 करोड़ कमाए। तीसरे दिन (रविवार) को फिल्म ने 39. 16 करोड़ की कमाई की। वहीं सोमवार को फिल्म की कमाई में गिरावट देखी गई। रेस 3 अपने खाते में सिर्फ 14. 24 करोड़ ही जमा कर सकी। फ़िलहाल फिल्म ने अब तक कुल 120. 71 करोड़ की कमाई कर ली है।
बता दें कि फिल्म 'रेस 3' में सुपरस्टार सलमान खान, जैकलिन फर्नांडीस, अनिल कपूर, डेजी शाह, बॉबी देओल और साकिब सलीम हैं। सलमान खान फिल्म्स और रमेश तोरानी द्वारा निर्मित इस फिल्म को टिप्स फिल्म्स के बैनर तले बनी है। फिल्म 4000 स्क्रीन्स पर रिलीज हुई है।
अगर रेस 3 की कहानी के बारे में बात करें तो इस फिल्म में सलमान खान ने सिकंदर का रोल निभाया है जो कि शमशेर सिंह का सौतेला बेटा है। शमशेर सिंह (अनिल कपूर) एक आर्म्स डीलर है और अपने दुश्मनों को कभी माफ़ नहीं करता है। वहीं इस फिल्म में साकिब सलीम (सूरज) और डेजी शाह (संजना) के रोल में हैं। बॉबी देओल ने यश का किरदार निभाया है जो सिकंदर का बॉडीगार्ड है।