हॉलीवुड बनाम बॉलीवुड विवाद छेड़ते हुए प्रकाश झा ने दिया बड़ा बयान, भारतीय सितारों पर कही ये बात
By मनाली रस्तोगी | Published: May 12, 2022 08:32 PM2022-05-12T20:32:04+5:302022-05-12T20:33:34+5:30
प्रकाश झा ने गोवाफेस्ट 2022 के दौरान कहा, "मैं चुपचाप जाकर एक छात्र के रूप में अपना नामांकन करा लेता। और इस तरह मैंने एक अभिनेता की भाषा को समझा। मैंने कक्षाओं में शेक्सपियर और अन्य नाटकों का प्रदर्शन किया है, जिससे मुझे बहुत आत्मविश्वास मिला।"
मुंबई: फिल्ममेकर प्रकाश झा ने भारतीय एक्टर्स को लेकर हाल-फिलहाल में एक बड़ा बयान दिया है। उनका कहना है कि वो भारतीय अभिनेताओं के साथ काम करने से नफरत करते थे। बता दें कि प्रकाश 'गंगाजल', 'अपहरण' और 'आरक्षण' जैसी प्रशंसित फिल्मों का निर्देशन कर चुके प्रकाश झा ने गोवाफेस्ट 2022 के दौरान हॉलीवुड बनाम बॉलीवुड विवाद छेड़ते हुए चौंकाने वाला बयान दिया है।
उन्होंने कहा, "मुझे यहां भारत में काम करने वाले अभिनेताओं से घृणा थी। उन्हें नहीं पता कि अभिनय क्या होता है। किसी भी अभिनेता ने मुझसे शूट के दिनों, शूट की टाइमिंग, लोकेशन, एक्शन सीक्वेंस आदि के बारे में सवाल नहीं पूछा। हॉलीवुड अभिनेताओं और बॉलीवुड अभिनेताओं के बीच यही अंतर है। वहां के कलाकार कार्यशालाओं में भाग लेते हैं और अपनी कला का अभ्यास और सुधार करते रहते हैं।"
अपनी बात को जारी रखते हुए प्रकाश झा ने कहा, "मैं चुपचाप जाकर एक छात्र के रूप में अपना नामांकन करा लेता। और इस तरह मैंने एक अभिनेता की भाषा को समझा। मैंने कक्षाओं में शेक्सपियर और अन्य नाटकों का प्रदर्शन किया है, जिससे मुझे बहुत आत्मविश्वास मिला।" बताते चलें कि प्रकाश झा अपनी फिल्मों के लिए नेशनल अवार्ड्स भी जीत चुके हैं। उन्होंने 'आश्रम' के जरिये ओटीटी प्लेटफार्म में कदम रखा।