पंकज त्रिपाठी के पिता का 98 साल की उम्र में निधन, अपने गांव के लिए रवाना हुए अभिनेता
By मनाली रस्तोगी | Published: August 21, 2023 03:03 PM2023-08-21T15:03:48+5:302023-08-21T15:05:24+5:30
बॉलीवुड अभिनेता पंकज त्रिपाठी के पिता बनारस तिवारी का 98 साल की उम्र में निधन हो गया।
![Pankaj Tripathi's father dies at 98 actor leaves for his village | पंकज त्रिपाठी के पिता का 98 साल की उम्र में निधन, अपने गांव के लिए रवाना हुए अभिनेता Pankaj Tripathi's father dies at 98 actor leaves for his village | पंकज त्रिपाठी के पिता का 98 साल की उम्र में निधन, अपने गांव के लिए रवाना हुए अभिनेता](https://d3pc1xvrcw35tl.cloudfront.net/sm/images/420x315/pankaj-j-66_202110219680.jpg)
पंकज त्रिपाठी के पिता का 98 साल की उम्र में निधन, अपने गांव के लिए रवाना हुए अभिनेता
मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता पंकज त्रिपाठी के पिता पंडित बनारस तिवारी का निधन हो गया। वह 98 वर्ष के थे। अभिनेता उत्तराखंड से बिहार के बेलसंड स्थित अपने गांव के लिए रवाना हो गए हैं। उत्तराखंड में वो अपनी एक फिल्म की शूटिंग कर रहे थे। हालांकि, पिता के बारे में जानने के बाद वो अपने गांव को रवाना हो गए। उनके पिता वहां उनकी मां के साथ रहते थे जबकि पंकज अपनी पत्नी और बेटी के साथ मुंबई में रहते थे।
बता दें कि हिंदुस्तान टाइम्स को दिए एक इंटरव्यू में पंकज ने अपने पिता के बारे में बताया था कि वे कैसे उन्हें डॉक्टर बनाना चाहते थे। उन्होंने बताया था, "मेरे पिता चाहते थे कि मैं डॉक्टर बनूं। मैं उत्तर बिहार के गोपालगंज के एक गांव से हूं जहां के लोग केवल दो ही पेशे जानते हैं: इंजीनियर या डॉक्टर। मैं किसान का बेटा हूं। मेरा गांव (इतने अंदरूनी हिस्से में स्थित) है कि वहां अभी भी अच्छी सड़कें नहीं बनी हैं।"
उन्होंने ये भी कहा था, "उनका कोई अधूरा सपना नहीं था, जिसे वे मुझसे पूरा करवाना चाहते हों। उन्हें एक ही चिंता थी कि क्या मैं रोजी-रोटी कमा पाऊंगा। मैंने उनसे कहा कि अगर मैं दिल्ली जाऊंगा तो मुझे सरकारी नौकरी भी मिल सकती है। अब मध्यम वर्ग के लोगों के साथ बात यह है कि सरकारी नौकरी सुनके उन्हें लगता है ठीक होगा। तो मेरे पिता ने कहा, 'हां'।"
मैशेबल के साथ एक इंटरव्यू में पंकज ने कहा कि उनके पिता को उनके अभिनय कार्य के बारे में जानकारी नहीं है।
उन्होंने कहा, "उन्हें मेरी उपलब्धियों पर ज्यादा गर्व नहीं है। मेरे पिता को यह भी नहीं पता कि मैं सिनेमा में क्या और कैसे करता हूं। उन्होंने आज तक नहीं देखा कि कोई सिनेमाघर अंदर से कैसा दिखता है। यदि कोई उसे अपने कंप्यूटर पर या टेलीविजन पर, जो हाल ही में मेरे घर पर स्थापित किया गया है, तो वह मेरा काम देखता है।" पंकज त्रिपाठी को आखिरी बार अक्षय कुमार और यामी गौतम की ओएमजी 2 में देखा गया है।