हनी सिंह के साथ क्लब में हुई मारपीट, गायक ने 4-5 लोगों के खिलाफ दर्ज कराई शिकायत, कहा- एक के पास हथियार था
By अनिल शर्मा | Published: April 7, 2022 01:53 PM2022-04-07T13:53:48+5:302022-04-07T14:21:01+5:30
गायक हनी सिंह ने 27 मार्च को अपने एक कार्यक्रम के दौरान 4-5 लोगों द्वारा कथित तौर पर मारपीट किए जाने को लेकर शिकायत दर्ज करायी है। हनी सिंह ने कहा मंच पर चढ़कर उनके साथ मारपीट की गई।
नई दिल्लीः पंजाबी गायक हनी सिंह ने 4-5 लोगों के खिलाफ उनके साथ मारपीट को लेकर शिकायत दर्ज करायी है। घटना 27 मार्च की है जब हनी सिंह दक्षिण दिल्ली के एक क्लब में कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। रिपोर्ट के मुताबिक हनी सिंह ने शिकायत में कहा है कि कार्यक्रम के दौरान 4-5 लोगों ने उनके साथ मारपीट की। इनमें से एक पास हथियार भी था।
दिल्ली पुलिस ने सिंह और उनके वकील ईशान मुखर्जी की 28 मार्च को "उपद्रव, दुर्व्यवहार और धमकी" की शिकायत के बाद प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस ने बताया कि घटना 27 मार्च को साउथ एक्सटेंशन-2 के स्कोल क्लब में हुई। प्राथमिकी के अनुसार, हनी सिंह 26 और 27 मार्च की दरम्यानी रात को क्लब में परफॉर्म दे रहे थे, तभी पुरुषों का एक समूह मंच पर जबरन उठ खड़ा हुआ।
प्राथमिकी में कहा गया है, “4-5 अज्ञात लोगों ने मंच पर चढ़कर दुर्व्यवहार किया और शो को बाधित किया। कार्यक्रम के बीच उपद्रवियों ने भीड़ को बीयर दिखाना शुरू कर दिया और कलाकारों को मंच पर धकेल दिया। उसके बाद चेक शर्ट में एक व्यक्ति ने मेरा (सिंह) हाथ पकड़ा और मुझे आगे की ओर खींचने लगा। मैं इससे बचने की कोशिश कर रहा था लेकिन वह शख्स मुझे चुनौती देता रहा और धमकाता रहा। मैंने यह भी देखा कि एक के पास हथियार भी था। लाल शर्ट में एक अन्य व्यक्ति वीडियो बना रहा था और कह रहा था 'भागा दिया हनी सिंह को'।