बॉक्स ऑफिस पर पहले दिन नहीं चला दिलजीत की 'सूरमा' का जादू, सिर्फ हुई इतनी कमाई
By विवेक कुमार | Published: July 14, 2018 11:29 AM2018-07-14T11:29:03+5:302018-07-14T11:29:03+5:30
'सूरमा' को शाद अली ने डायरेक्ट किया है वहीं इसे दीपक सिंह और बॉलीवुड अभिनेत्री चित्रांगदा सिंह ने प्रोड्यूस किया है।
मुंबई, 14 जुलाई: भारतीय स्टार हॉकी प्लेयर संदीप सिंह के जीवन पर बनी फिल्म 'सूरमा' 13 जुलाई को बॉक्स ऑफिस पर रिलीज़ हो चुकी है। फिल्म में अभिनेता दिलजीत दोसांझ ने हॉकी प्लेयर संदीप सिंह का किरदार निभाया है और उनको अपने अभिनय के लिए क्रिटिक्स से बेहद सराहना भी मिली है। वहीं सूरमा में तापसी पुन्नू भी हैं जो एक महिला हॉकी प्लेयर का किरदार निभा रही हैं और फिल्म में दिलजीत की प्रेमिका बनी है।
ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श के अनुसार 'सूरमा' ने अपने ओपनिंग डे पर 3. 25 करोड़ की कमाई की है। तरण ने इस फिल्म की बेहद तारीफ करते हुए इसे 3.5 स्टार दिया है। मेकर्स को उम्मीद है कि फिल्म वीकेंड पर ज्यादा कमाई करेगी। 30 करोड़ के बजट वाली दिलजीत की 'सूरमा' को भारत में 1100 और वर्ल्डवाइड 335 स्क्रीन्स मिली हैं।कुल मिलाकर 'सूरमा' को 1435 स्क्रीन्स पर रिलीज किया गया है।
'सूरमा' को शाद अली ने डायरेक्ट किया है वहीं इसे दीपक सिंह और बॉलीवुड अभिनेत्री चित्रांगदा सिंह ने प्रोड्यूस किया है। बॉलीवुड दिगग्जों ने 'सूरमा' की जमकर तारीफ की थी हालांकि बॉक्स ऑफिस कलेक्शन देखकर ये कहा जा सकता है कि पहले दिन 'सूरमा' का जादू दर्शकों पर नहीं चला।
अगर फिल्म की कहानी के बारे में बात करें तो 'सूरमा' की कहानी युवा संदीप सिंह के हॉकी में आने और फिर अपने खूसट कोच के चलते वहां से भाग जाने से शुरू होती है। इसी बीच उनकी जिंदगी में हरप्रीत (तापसी पन्नू) आती हैं। यहीं से प्यार और जज्बात के बीच हॉकी संदीप के जिंदगी का कब मकसद बन जाता है, इसका अहसास नहीं होता।