कन्नड़ एक्टर ध्रुव सरजा (Dhruva Sarja) और उनकी पत्नी प्रेरणा कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। उन्होंने खुद ट्विटर पर इसकी जानकारी बुधवार को दो। दोनों अस्पताल में भर्ती हैं। ध्रुव ने ट्विटर पर लिखा, 'मेरी पत्नी और मुझे हल्के लक्षणों के साथ कोरोना वायरस हुआ है। इसलिए हम अस्पताल में भर्ती हो गए हैं। मुझे उम्मीद है कि हम जल्द ही ठीक हो जाएंगे। पिछले कुछ दिनों में हमारे संपर्क में आने वाले लोगों से भी अनुरोध है कि वो अपनी जांच करा लें।'
कुछ दिनों पहले हुआ चिरंजीवी सरजा का निधन
बता दें, ध्रुव सरजा का परिवार पिछले कुछ दिनों से बेहद मुश्किल भरे समय से गुजर रहा है। दरअसल, हाल ही में उनके बड़े भाई और एक्टर चिरंजीवी सरजा (Chiranjeevi Sarja) का हार्ट अटैक के कारण निधन हो गया था। वो महज 39 साल के थे। उनके परिवार के सदस्यों ने बताया था कि अभिनेता ने बेचैनी की शिकायत की थी, जिसके बाद उन्हें एक निजी अस्पताल ले जाया गया जहां उनका निधन हो गया था।प्रसिद्ध कन्नड़ अभिनेता शक्ति प्रसाद के पोते और बहुभाषी फिल्म अभिनेता अर्जुन सरजा के भतीजे चिरंजीवी सरजा ने 22 फिल्मों में अभिनय किया था।
चिरंजीवी ने वायुपुत्र से की थी अपने फिल्मी करियर की शुरुआत
चिरंजीवी ने फिल्म वायुपुत्र से अपनी फिल्मी पारी की शुरुआत की थी। उनकी आखिरी फिल्म 'शिवार्जुन' थी जिसमें उन्होंने अमृता अयंगर और अक्षता श्रीनिवास के साथ मुख्य भूमिका निभाई थी। उन्होंने दो साल पहले अभिनेत्री मेघना राज से शादी की थी। मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा ने चिरंजीवी सरजा के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि वह एक लोकप्रिय अभिनेता और महान प्रतिभा के धनी थे। वरिष्ठ कांग्रेस नेता सिद्धरमैया ने भी अभिनेता के निधन पर शोक व्यक्त किया।
(भाषा इनपुट के साथ)