#Bollywoodflashback: कहते थे इसको 'हवा हवाई', 4 साल की उम्र से आखिरी सांस तक श्रीदेवी ने किया दिलों पर राज
By ऐश्वर्य अवस्थी | Published: August 13, 2018 07:41 AM2018-08-13T07:41:33+5:302018-08-13T09:46:52+5:30
श्री देवी एक ऐसी अभिनेत्री थीं जिनको फैंस हवा हवाई, चांदनी और ना जाने कितने नामों से जानते थे। श्रीदेवी का जन्म 13 अगस्त 1963 को शिवाकाशी, तमिलनाडु में हुआ था।
सुरमई अंखियों में नन्हा-मुन्ना एक सपना दे जा रे...ये फिल्म सदमा का गीत है जो एक लोरी के तौर पर गाया गया है। इसमें 20 साल की श्रीदेवी को स्क्रीन पर एक 4 बरस की बच्ची जैसा अभिनय करते हर किसी ने देखा। पर श्रीदेवी का फिल्मी सफर इसके बिलकुल उलट था। क्योंकि लोरी सुनकर सो जाने की उम्र में ही श्रीदेवी ने खुद को कैमरे के सामने खड़ा पाया। महज 4 बरस की उम्र थी वो जब उसने तमिल फिल्म कंदन कारुनई की। उनकी आंखें तब भी बोलती थीं और जाते जाते भी बोलती ही रहीं।
श्री देवी एक ऐसी अभिनेत्री थीं जिनको फैंस हवा हवाई, चांदनी और ना जाने कितने नामों से जानते थे। श्रीदेवी का जन्म 13 अगस्त 1963 को शिवाकाशी, तमिलनाडु में हुआ था। जन्म के समय उनका नाम श्रीअम्मा यंगेर अय्यपन था। वहीं, श्रीदेवी के पिता एक वकील थे और मां गृहिणी थी। इनकी एक बहन और 2 सौतेले भाई भी थे।
बाल कलाकार के रूप में शुरुआत
उन्होने बतौर बाल कलाकर पर्दे पर कदम रखे, 4 साल की उम्र में तमिल फिल्म थुनाइवन में बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट श्रीदेवी ने पहली बार काम किया। लेकिन फैंस की नजरों में असली पहचान उनको 8 साल की उम्र में आई मलयलाम फिल्म पूमबत्ता के जरिए मिली।इस फिल्म में श्रीदेवी का काम बेहतरीन था और इसके लिए उन्हें केरला स्टेट फिल्म अवार्ड से भी सम्मानित किया गया था।
बॉलीवुड में सफर
धीरे-धीरे दक्षिण के सिनेमा से बॉलीवुड इंडस्ट्री में श्रीदेवी का कद बढ़ने लगा। 1975 में उन्हें उस वक्त की बेहद बोल्ड मानी जाने वाली फिल्म जूली में एक छोटा सा रोल मिला, फिल्म हिट हुई लेकिन श्रीदेवी का संघर्ष जारी रहा। एक बहन के किरदार को निभाने वाली श्रीदेवी की मंजिल कहीं दूर थी। श्रीदेवी को 16 साल की उम्र में बॉलीवुड पहला बड़ा ब्रेक मिला। 'सोलवां सावन' नाम की फिल्म में श्रीदेवी लीड रोल में थीं, लेकिन फिल्म से उन्हें कोई बड़ा फायदा नहीं हुआ और वह फिर से साउथ इंडियन फिल्मों में लौट गईं पहली हिन्दी फिल्म के चार साल बाद वो दोबारा बॉलीवुड में लौटीं। लेकिन इस बार सब बदला था इस बार उनके साथ कमल हासन थे और फिल्म का नाम था 'सदमा'। फिल्म हिट रही और श्रीदेवी को फिलमफेयर का अवॉर्ड भी मिला। उनके अभिनय ने सबको यूं दिल जीता कि फिर कभी उन्होंने पीछे पलट के नहीं देखा।
मिथुन से शादी
श्रीदेवी और मिथुन चक्रवर्ती के अफेयर के बारे में तो जगजाहिर है। श्रीदेवी और मिथुन चक्रवर्ती कई सालों तक रिलेशनशिप में रहे। खबरों की नामें तो मिथुन और श्रीदेवी की पहली मुलाकात "जाग उठा इंसान" (1984) के सेट पर हुई थी। शूटिंग के दौरान ही मिथुन के दिल में श्रीदेवी के प्यार के अंकुर फूटे और मिथुन ने बिना समय गवाए अपने प्यार का इजहार भी कर दिया था। दोनों का इश्क धीरे धीरे परवान चढ़ने लगा लेकिन मिथुन का शादीशुदा होना दोने के लिए परेशानी का विषय था। इसी दौरान 1985 में यह अफवाह आई कि श्रीदेवी और मिथुन चक्रवर्ती ने चोरी-चुपके मंदिर में जाकर शादी कर ली है। हालांकि इस बात की कोई अधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी।
बोनी से की शादी
मिथुन के साथ शादी की खबरों के बीच श्रीदेवी ने बोनी कपूर के साथ शादी के फैसले से सभी को चौंका दिया था। श्रीदेवी ने बोनी कपूर से 2 जून 1996 में शादी की थी। कहते हैं कि फिल्म 'सोलहवां सावन' में श्रीदेवी को देखते ही बोनी का दिल उन पर आ गया था। दोनों के इश्क की शुरुआत एक तरफा प्यार से हुई थी, जो बोनी कपूर की तरफ से था। इन दोनों का प्यार फिल्म मिस्टर इंडिया के दौरान परवान चढ़ा था। कहते हैं 1970 के दशक में जब श्रीदेवी तमिल फिल्म कर रही थी उस समय बोनी खास उनसे मिलने चेन्नई गए थे, लेकिन किन्हीं कारणों से इन दोनों की मुलाकात तब संभव नहीं हो पाई थी। पर फिर भी धीरे धीरे दोनों का प्यार परवान बढ़ने लगा और अपने फैंस को श्रीदेवी ने तब चौंका दिया था जब 1996 में उन्होंने 8 साल बड़े बोनी के साथ शादी की थी।
बॉलीवुड की एकलौती ऐसी हीरोइन
श्रीदेवी को बॉलीवुड में एक बहतरीन डांसर के रूप में जानते हैं। कहा जाता है कि उनके गाने और डांस की लोकप्रियता की वजह से ही लोग उनकी फिल्मों के बारे में जानते थे। श्रीदेवी को डांसर्स में शम्मी कपूर और माइकल जैक्सन बहुत पसंद थे। लेकिन श्रीदेवी बॉलीवुड की सबसे ज्यादा कमाई वाली अभिनेत्रियों में से एक थीं। वे एकमात्र ऐसी अभिनेत्री थीं, जो 90 के दशक में लगभग एक करोड़ रुपये प्रति फिल्म लेती थी।
3 दशकों के टॉप हीरो के साथ रोमांस
श्रीदेवी ने करीब 3 दशकों के टॉप हीरो के साथ पर्दे पर रोमांस किया था। 1970 के दशक के सितारे राजेश खन्ना, विनोद खन्ना, अमिताभ बच्चन, शत्रुघ्न सिन्हा, जीतेन्द्र, ऋषि कपूर, 80 के दशक के सितारे सनी देओल, संजय दत्त, अनिल कपूर, जैकी श्रॉफ और 90 के दशक के शाहरुख खान, अक्षय कुमार, सलमान खान की नायिका श्रीदेवी बनीं। 60 के दशक के धर्मेन्द्र की भी वे हीरोइन बनी थीं।
दे गईं सदमा
अपने फैंस को सदमा देकर 54 साल की उम्र में अभिनेत्री श्रीदेवी ने दुबई में आखिरी सांस ली है। यूं अचानक दुनिया को छो़डकर चले जाने वाली श्रीदेवी की कमी बॉलीवुड में शायद ही कोई भर पाए। अटैक के कारण उन्होंने दुबई के होटल में आखिरी सांस ली। 25 फरवरी 2018 को हुई श्रीदेवी की मौत ने हर किसी को सदमा दे दिया।
साल 2012 में फिल्म ‘इंग्लिश विंग्लिश से उन्होंने एक लंबे समय के बाद बड़े पर्दे पर वापसी की थी। जिसके बाद 2017 में आई उनकी फिल्म मॉम हर किसी के दिल में घर कर गई। पर्दे पर श्रीदेवी की ये आखिरी फिल्म थी जिससे फैंस रूबरू हुए थे। 7 जुलाई को आई मॉम श्रीदेवी की लीड रोल की आखिरी फिल्म बन गई है। जब फिल्म पर्दे पर धमाल मचा रही थी तो उस समय किसी को भी नहीं पता होगा कि ये उनकी आखिरी फिल्म होने वाली है जिसमें वह लीड रोल के जरिए फैंस को मनोरंजित कर रही हैं। अब इस फिल्म के साथ ही फिल्मी इतिहास में श्रीदेवी के नाम पर ये फिल्म दर्ज हो गई है।
मिला था राजकीय सम्मान
अधिकांश फिल्मी हस्तियों को राजकीय सम्मान दिया जा चुका है। श्रीदेवी भी इसी लिस्ट में थी उनको भी तिरंगे में लपेटकर आखिरी विदाई दी गई थी। श्रीदेवी को 2013 में भारत सरकार द्वारा फिल्मों में दिए गए योगदान के लिए पद्मश्री से सम्मानित किया गया था। बता दें कि श्रीदेवी ने 50 साल में 300 फिल्में की थी। उन्हें 5 बार फिल्मफेयर अवार्ड से भी सम्मानित किया गया था। शायद इस कारण से उनको ये सम्मान दिया गया था।