Birthday Special: आज है बॉलीवुड के 'डिस्को डांसर' मिथुन चक्रवर्ती का जन्मदिन, फिल्मों में आने से पहले थे नक्सली
By लोकमत समाचार हिंदी ब्यूरो | Published: June 16, 2018 09:37 AM2018-06-16T09:37:19+5:302018-06-16T09:47:07+5:30
फिल्मों में आने से पहले मिथुन नक्सली थे लेकिन भाई की मौत के बाद उन्हें अपने परिवार के बीच लौटना पड़ा।
बॉलीवुड के डिस्को डांसर मिथुन चक्रवर्ती आज अपना 68वां जन्मदिन मना रहे हैं। उनका जन्म 16 जून, 1950 को कलकत्ता में हुआ था। फिल्मों में आने से पहले मिथुन नक्सली थे लेकिन बड़े भाई की मौत के बाद उन्हें अपने परिवार के बीच लौटना पड़ा। अब घर की पूरी जिम्मेदारी उन पर थी। मिथुन को बचपन से ही डांस का शौक था और वो गलियों में डांस कर पैसे जुटाते थे। डांस के साथ ही वह एक्टिंग भी करना चाहते थे। अपने सपने को पूरा करने के लिए वह कलकत्ता छोड़कर मुंबई आ गए।
किस्मत ने उनका साथ दिया और मिथुन ने जूनियर एक्टर के तौर पर अपना करियर शुरू किया। अपनी डेब्यू फिल्म 'मृगया' के लिए मिथुन को नेशनल अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था। लेकिन इस फिल्म के बाद भी उनका स्ट्रगल कम नहीं हुआ था। अब भी उन्हें फ़िल्में मिलना शुरू नहीं हुई थी।
1982 में आई मिथुन की फिल्म 'डिस्को डांसर' ने बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा दिया था। इसी के बाद से उन्हें डिस्को डांसर कहा जाने लगा था। सही मायनों में इस फिल्म ने उन्हें पहचान दिलाई मिथुन हर घर में फेमस हो गए थे। चारों तरफ सिर्फ उनका नाम था। मिथुन ने हिंदी ही नहीं बंगाली और उड़िया भाषा की फिल्में भी की हैं।
फ़िल्मी दुनिया में मिथुन की लव स्टोरीज भी काफी चर्चा में रही। उनका नाम कई एक्ट्रेस के साथ जुड़ा। सबसे पहले उनका नाम एक्ट्रेस सारिका के साथ जुड़ा हालांकि ये रिलेशनशिप ज्यादा दिन तक चल सका। एक्ट्रेस और मॉडल रहीं हेलेना ल्यूक ने अपने एक खुलासे में कहा था कि मिथुन के साथ उन्होंने गुपचुप शादी कर ली है। इस बात से मिथुन ने भी इनकार नहीं किया। लेकिन ये रिश्ता भी ज्यादा दिन नहीं चल सका।
मिथुन के इस लिस्ट में श्रीदेवी का भी नाम आता है। श्रीदेवी के साथ फिल्म 'जाग उठा इंसान' करने के बाद दोनों की रोमांस की ख़बरें हर जगह फैलने लगी थी। ख़बरों की मानें तो दोनों ने गुपचुप शादी भी कर ली थी।
इसके अलावा एक्ट्रेस योगिता बाली से भी उनका अफेयर रहा, जिनसे उन्होंने शादी भी की। जिससे उन्हें 3 बेटे हैं। एक बेटी को उन्होंने गोद लिया था। बता दें कि योगिता सिंगर किशोर कुमार की तीसरी पत्नी थीं। मगर उन्हें मिथुन चक्रवर्ती इस कदर पसंद आए कि उन्होंने किशोर को छोड़ दिया।
अपने फ़िल्मी करियर में मिथुन ने कई फिल्मों में काम किया जिनमें से कई धमाकेदार भी रहीं। फिल्मों के अलावा मिथुन का लग्जरी होटल का बिजनेस भी है। मिथुन के ऊटी और मसूरी सहित कई जगहों पर होटल्स हैं।