लाल किले में दशहरा समारोह में शामिल हुए 'आदिपुरुष' स्टार प्रभास, किया रावण दहन
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: October 6, 2022 08:09 AM2022-10-06T08:09:56+5:302022-10-06T08:12:25+5:30
रामलीला के आयोजकों द्वारा अखिल भारतीय स्टार को फूलों और दुपट्टे से सम्मानित किया गया। इसके बाद, प्रभास ने अपने हाथ में एक गदा धारण की, जिसे देख वहां मौजूद लोगों ने जोर से जयकारा लगाया।
नई दिल्ली: दशहरा के अवसर पर आदिपुरुष के अभिनेता प्रभास ने दिल्ली की सबसे बड़ी रामलीला में बुधवार भाग लिया। प्रभास को ऐतिहासिक लाल किले के मैदान में रावण दहन करने का सम्मान दिया गया। यह रामलीला लव कुश रामलीला समिति द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित किया जाता है। इस मौके पर प्रभास अपने 'आदिपुरुष' निर्देशक ओम राउत और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के साथ उपस्थित थे।
रामलीला के आयोजकों द्वारा अखिल भारतीय स्टार को फूलों और दुपट्टे से सम्मानित किया गया। इसके बाद, प्रभास ने अपने हाथ में एक गदा धारण की, जिसे देख वहां मौजूद लोगों ने जोर से जयकारा लगाया। जैसे ही रावण दहन मुहूर्त निकट आया, प्रभास ने धनुष और बाण लिया और अपने भीतर के भगवान राम को रावण दहन करने के लिए निर्देशित किया।
गौरतलब है कि प्रभास अभिनीत आदिपुरुष रामायण पर आधारित है। हाल ही में इसका टीजर लॉन्च किया गया जिसके बाद फिल्म आलोचनाओं में घिर गई। फिल्म को इसके खराब वीएफएक्स और पात्रों के चित्रण को लेकर सोशल मीडिया पर कइयों ने नाराजगी जाहिर की।
विश्व हिंदू परिषद से लेकर भाजपा नेताओं ने फिल्म पर हिंदू भावनाओं पर कुठाराघात करने का आरोप लगाया। एएनआई से बात करते हुए, भाजपा प्रवक्ता मालविका अविनाश ने कहा था, "यह इस देश, इसकी सभ्यता और इसके लोगों का प्रतिनिधित्व करता है। इसलिए कोई भी इसे हल्के में नहीं ले सकता है, एक फिल्म निर्देशक को छोड़ दें। मैं गुस्से में हूं और यह गलत बयानी मुझे दुखी करती है।"