अभिनेत्री रंभा और उनके बच्चों का कनाडा में हुआ कार एक्सीडेंट, बेटी साशा अस्पताल में भर्ती, तस्वीरें आई सामने
By अनिल शर्मा | Published: November 1, 2022 01:02 PM2022-11-01T13:02:32+5:302022-11-01T13:14:21+5:30
रंभा ने बेटी के अस्पताल में भर्ती होने की तस्वीर साझा की है जिसमें डॉक्टर उनका इलाज कर रहे हैं। रंभा का ये पोस्ट देखने के बाद फैंस से लेकर सेलेब्स तक उनकी बेटी की जल्द रिकवरी के लिए दुआ कर रहे हैं।
कनाडा में बॉलीवुड अभिनेत्री रंभा की कार का एक्सीडेंट हो गया है। इस हादसे में उनकी कार क्षतिग्रस्त हो गई और उनकी बेटी साशा को गंभीर चोटें आई हैं। रंभा ने बेटी के अस्पताल में भर्ती होने की तस्वीर साझा की है। अभिनेत्री के मुताबिक हादसा तब हुआ जब वह बच्चों को स्कूल से लेकर घर लौट रही थीं।
हादसे में उनकी कार क्षतिग्रस्त हो गई है जिसकी तस्वीरें उन्होंने इंस्टाग्राम पर साझा की हैं। रंभा ने तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, 'स्कूल से बच्चों को पिक करने के बाद हमारी कार को दूसरी कार ने टक्कर मार दी। कार में बच्चों के साथ मैं और नैनी थे।' बकौल अभिनेत्री- थोड़ी चोटें आई हैं, लेकिन हम सभी सुरक्षित हैं। पर मेरी बेटी साशा अभी भी हॉस्पिटल में एडमिट है। प्लीज हमारे लिए प्रार्थना करें। आप सभी की प्रार्थना हमारे लिए बहुत मायने रखती है।
रंभा ने बेटी के अस्पताल में भर्ती होने की तस्वीर साझा की है जिसमें डॉक्टर उनका इलाज कर रहे हैं। रंभा का ये पोस्ट देखने के बाद फैंस से लेकर सेलेब्स तक उनकी बेटी की जल्द रिकवरी के लिए दुआ कर रहे हैं। गौरतलब है कि रंभा बॉलीवुड की जानी मानी अभिनेत्री हैं। वह 100 से ज्यादा फिल्में कर चुकी हैं। हिंदी के साथ-साथ तेलुगु, तमिल, कन्नड़, मलयालम, बंगाली, भोजपुरी और इंग्लिश फिल्मों में अभिनय कर चुकी हैं।