मराठी अभिनेता आशुतोष भाकरे ने खुदकुशी की, कुछ दिनों से थे अवसाद में
By निखिल वर्मा | Published: July 30, 2020 05:42 AM2020-07-30T05:42:35+5:302020-07-30T05:42:35+5:30
आशुतोष भाकरे ने 'भाकर' और 'इचार ठरला पक्का' जैसी फिल्मों में काम किया है।
मराठी अभिनेता आशुतोष ने अपने घर में कथित रूप से फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली। वह मराठवाड़ा क्षेत्र के नांदेड़ शहर में रहते थे। पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि दोपहर जब भाकरे (32) के माता-पिता गणेश नगर इलाके के फ्लैट में आए, तो उन्होंने अभिनेता का शव फंदे से लटका पाया। भाकरे मराठी अभिनेत्री मयूरी देशमुख के पति हैं।पुलिस अधिकारी ने बताया कि अभिनेता पिछले दिनों से कथित रूप से अवसाद में थे। मामले की जांच की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, आशुतोष भाकरे पिछले कुछ दिनों से डिप्रेशन से जूझ रहे थे। अभी कुछ दिनों पहले उन्होंने फेसबुक पर एक वीडियो साझा किया था। जिसके जरिए उन्होंने अपने प्रशंसकों को बताया था कि कोई भी व्यक्ति आत्महत्या क्यों करता है।आशुतोष ने अभिनेत्री मयूरी देशमुख से 21 जनवरी 2016 को शादी की थी। मयूरी को सीरियल 'खुलता काली खुलेना' से जाना जाता है।
आशुतोष के निधन के बाद उनके प्रशंसकों के लिए इस पर यकीन करना मुश्किल हो रहा है। उनके निधन के बाद मराठी इंडस्ट्री में शोक की लहर है। आशुतोष अपने पीछे पत्नी मयूरी देशमुख, माता-पिता और एक भाई को छोड़ गए हैं। इससे पहले बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत ने भी 14 जून को अपने घर में कथित रूप से आत्महत्या कर ली थी।