घरेलू सुरक्षा: आंख मूंदकर न करें भरोसा
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: April 27, 2026 05:32 IST2026-04-27T05:32:52+5:302026-04-27T05:32:52+5:30
Home Security: बड़े शहरों में लोग अक्सर कामकाजी जीवन में व्यस्त रहते हैं, जिसके कारण वे घरेलू कामों के लिए नौकरों, ड्राइवरों और अन्य सहायक कर्मचारियों पर निर्भर हो जाते हैं.

file photo
किरण चोपड़ा
घरेलू सुरक्षा के बीच नौकरों पर जरूरत से ज्यादा विश्वास करना और उन्हें घर के सुरक्षा संबंधी काम में शामिल करना एक बड़ी चूक है जो घातक सिद्ध हो सकती है. घरेलू नौकर नियुक्ति में बहुत ज्यादा सतर्क होना जरूरी हो गया है. दिल्ली जैसे बड़े महानगर में अपराध की घटनाएं समय-समय पर समाज को झकझोर देती हैं. हाल ही में दिल्ली के कैलाश हिल्स इलाके में एक आयकर विभाग (आईआरएस) अधिकारी की बेटी की नौकर द्वारा कथित रूप से रेप के बाद हत्या की घटना ने लोगों के मन में भय और असुरक्षा की भावना को और गहरा कर दिया है.
खासतौर पर जब इस तरह की घटनाओं में घरेलू नौकर या भरोसेमंद लोग शामिल पाए जाते हैं तो यह चिंता और भी बढ़ जाती है कि आखिर आम नागरिक अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित करें. हम जब-जब चूकते हैं तो हादसे हो जाते हैं. मेरा मानना है कि आज के समय में शहरी जीवन जितना सुविधाजनक हुआ है, उतना ही जटिल और जोखिमपूर्ण भी बन गया है.
बड़े शहरों में लोग अक्सर कामकाजी जीवन में व्यस्त रहते हैं, जिसके कारण वे घरेलू कामों के लिए नौकरों, ड्राइवरों और अन्य सहायक कर्मचारियों पर निर्भर हो जाते हैं. यह निर्भरता कई बार बिना पूरी जांच-पड़ताल के भी हो जाती है, जो आगे चलकर खतरे का कारण बन सकती है.
जब कोई व्यक्ति घर के अंदर तक पहुंच बना लेता है तो वह परिवार की दिनचर्या, कमजोरियों और सुरक्षा व्यवस्था को अच्छी तरह समझ सकता है. कैलाश हिल्स की दिल दहला देने वाली इस घटना ने यह सवाल खड़ा किया है कि क्या हम केवल भरोसे के आधार पर अपने घर की सुरक्षा को दांव पर लगा रहे हैं? किसी भी घरेलू कर्मचारी को रखने से पहले उसका पुलिस वेरिफिकेशन कराना अत्यंत आवश्यक है.
आधुनिक परिवेश में एक और महत्वपूर्ण कदम है तकनीक का उपयोग. आज के दौर में सीसीटीवी कैमरे, स्मार्ट लॉक, वीडियो डोर फोन जैसी सुविधाएं आसानी से उपलब्ध हैं. ये न केवल सुरक्षा बढ़ाते हैं बल्कि किसी घटना के बाद सबूत के रूप में भी मददगार साबित होते हैं. खासतौर पर घर के प्रवेश द्वार, लिविंग एरिया और अन्य महत्वपूर्ण जगहों पर कैमरे लगाना उपयोगी होता है.
यह सच है कि हर घरेलू कर्मचारी या सहायक अपराधी नहीं होता. अधिकांश लोग ईमानदारी से काम करते हैं और अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं. इसलिए जरूरी है कि हम संतुलन बनाए रखें – न तो अंधा भरोसा करें और न ही हर किसी पर शक करें. समझदारी, सतर्कता और सही प्रक्रियाओं का पालन ही सबसे अच्छा उपाय है.